रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन/सोनभद्र। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र की ओर से रविवार को ओबरा तहसील के ग्राम पंचायत गोठानी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर का शुभारंभ अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन निषाद की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि अभाविप केवल छात्र हितों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि सेवा, शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिविर में डॉ. कृष्णा कुमार एवं उनकी टीम ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उचित चिकित्सीय परामर्श दिया। साथ ही स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने अभाविप और चिकित्सकीय टीम के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान कार्यक्रम संयोजक अभय प्रताप सिंह, विश्वजीत साहनी, देवी प्रसाद तिवारी, श्रवण सोनी, गोलू केशरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








