कासगंज में आधार कार्ड क्लोन गिरोह का पर्दाफाश, एसटीएफ और सहावर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार, रिपोर्ट निशा कांत शर्मा एडवोकेट

कासगंज में आधार कार्ड क्लोन गिरोह का पर्दाफाश, एसटीएफ और सहावर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

कासगंज। थाना सहावर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आधार कार्ड (यूआईडीएआई) से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने वैध आधार आईडी की क्लोन आईडी तैयार कर अनधिकृत रूप से आधार कार्ड बनाने और उससे अवैध कमाई करने के आरोप में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अकील सैफी निवासी ग्राम कनोई, थाना सहावर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह वैध आधार आईडी की क्लोन आईडी तैयार कर अनधिकृत तरीके से यूआईडीएआई के डेटा तक पहुंच बनाकर आधार कार्ड तैयार करता था और इस अवैध नेटवर्क का संचालन देश के विभिन्न स्थानों से कर रहा था।

इस मामले में थाना सहावर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 335, 336, 337, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66, 66सी, 66डी तथा यूआईडीएआई अधिनियम-2016 की धारा 35, 36 और 37 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक इंटरनेट मॉडेम, एक जियो वाई-फाई डिवाइस, एक प्रिंटर, एक लेनोवो टैबलेट और एक फ्रॉन्क्स कार बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगा प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में सहावर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Kasganj Police

Leave a Comment