लाइनमैन को करंट लगा, 20 मिनट उल्टा लटका रहा, एटा में तार जोड़ते वक्त हुआ हादसा, 40 प्रतिशत झुलसा; हायर सेंटर रेफर
एटा शहर में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद वह करीब 20 मिनट तक बिजली के पोल पर उल्टा लटका रहा। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना सोमवार देर रात करीब 10 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित सिविल लाइन चौकी के पास हुई। जानकारी के अनुसार लाइनमैन रेशमपाल पुत्र अनोखेलाल, निवासी एटा, विद्युत लाइन में खराबी की सूचना मिलने पर उसे ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और पोल पर ही उल्टा लटक गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर लाइनमैन को नीचे उतारा गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
#etah_tak #etahpolice #etanews #UPPCL









