WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

योगी सरकार ने खोला नाइट टूरिज्म का नया द्वार, फतेहपुर सीकरी में 9.26 करोड़ से लाइट एंड साउंड शो का भव्य शुभारंभ, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*योगी सरकार ने खोला नाइट टूरिज्म का नया द्वार, फतेहपुर सीकरी में 9.26 करोड़ से लाइट एंड साउंड शो का भव्य शुभारंभ*

 

*- दीवान-ए-आम में थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर तकनीक से जीवंत होगा सीकरी का गौरवशाली इतिहास*

 

*- करीब 20 मिनट के शो में अकबर के शासनकाल, बाबर और ऐतिहासिक स्थापत्य कला की दिखेगी अद्भुत झलक*

 

*- सैलानियों के रात्रि प्रवास को मिलेगा बढ़ावा, होटल उद्योग, गाइड और स्थानीय कारोबारियों को होगा सीधा लाभ*

 

*- यमुना किनारा रोड स्थित काली माता मंदिर पर 2.78 करोड़ के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी दी सौगात*

 

*आगरा, 27 नवंबर।* ताजनगरी में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और देशी-विदेशी सैलानियों के रात्रि प्रवास (नाइट स्टे) को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ‘मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना’ के तहत करीब 9.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो और इलुमिनेशन कार्य का भव्य लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने यमुना किनारा रोड (यमुना बैंक की ओर) स्थित काली माता मंदिर पर 2.78 करोड़ रुपये से कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।

 

*आधुनिक तकनीक से जीवंत होगी फतेहपुर सीकरी की कहानी*

आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक दीवान-ए-आम में यह शो तैयार किया गया है। इसमें अत्याधुनिक थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राम और लेजर लाइट तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। लगभग 20 से 22 मिनट के इस शो में सैलानियों को फतेहपुर सीकरी के प्राचीन इतिहास से लेकर वर्तमान गौरवगाथा तक की झलक देखने को मिलेगी।

 

इसमें मुगलकालीन इतिहास, अकबर के शासनकाल, बाबर और पानी की समस्या के कारण राजधानी छोड़ने की कहानी को बेहद रोचक ढंग से दिखाया जाएगा। 1571 से 1573 के बीच निर्मित और 1986 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित इस स्मारक की बुलंद दरवाजा, जामा मस्जिद, शेख सलीम चिश्ती की दरगाह, पंचमहल व जोधाबाई महल जैसी इमारतों की भारतीय-फारसी स्थापत्य कला भी दर्शकों को रोमांचित करेगी।

 

*होटल उद्योग, गाइड, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों को होगा लाभ*

आगरा आने वाले अधिकतर पर्यटक शाम को वापस लौट जाते हैं। उ.प्र. सरकार का फोकस नाइट टूरिज्म को विकसित कर सैलानियों का ठहराव बढ़ाने पर है। इससे होटल उद्योग, गाइड, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों को बड़ा लाभ होगा। आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए शुरुआती दौर में यह शो दर्शकों के लिए निशुल्क रखा जाएगा। इसके बाद भारतीय पर्यटकों के लिए 50 रुपये और विदेशी सैलानियों के लिए 150 रुपये टिकट दर प्रस्तावित है।

 

*आगरा में पर्यटन को मिलेगी नई पहचान: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह*

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा है। फतेहपुर सीकरी में शुरू हुआ यह लाइट एंड साउंड शो आधुनिक तकनीक के माध्यम से हमारी ऐतिहासिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की अनूठी पहल है। हमारा प्रयास है कि देश- विदेश से आने वाले पर्यटक यहां के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने के साथ एक यादगार अनुभव भी हासिल करें। इस परियोजना से आगरा में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और पर्यटकों का रात्रि प्रवास भी बढ़ेगा।योगी सरकार प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।

 

*पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, सैलानियों का रात्रि प्रवास भी बढ़ेगा*

टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि पर्यटन व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों की फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो की लंबे समय से मांग चली आ रही थी। लंबे इंतजार के बाद यह बेहद खूबसूरत शुरुआत हुई है। अब सरकार को इसके व्यापक प्रचार- प्रसार पर भी जोर देना होगा, ताकि आगरा आने वाले पर्यटक इसे जरूर देखें और उनका रात्रि प्रवास बढ़ सके।

 

होटल एंड रेस्तरां ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सिद्धार्थ अरोड़ा ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश सरकार की एक बहुत ही अच्छी और सराहनीय पहल है। हम होटल संचालकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी लोगों के लिए यह कदम सार्थक परिणाम लेकर आएगा। इससे आगरा में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और सैलानियों का रात्रि प्रवास भी बढ़ेगा।

Leave a Comment