*# मेट्रो प्रशासन की मनमानी के खिलाफ आर-पार के मूड में आगरा कॉलेज का पूरा परिवार, शिक्षकों-कर्मचारियों एवं हजारों छात्रों का जोरदार प्रदर्शन*
* *मांगें पूरी न होने पर शिक्षक एवं छात्र संगठन आंदोलन को और तेज करेंगे*
**प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम के हस्तक्षेप एवं मेट्रो परियोजना निदेशक श्री अरविंद कुमार राय से वार्ता के बाद मांगें बिना शर्त स्वीकार करने के आश्वासन पर मेट्रो प्रशासन को 24 घंटे का समय, कल तक के लिए धरना स्थगित।**
आगरा कॉलेज। आगरा के ऐतिहासिक खेल मैदान एवं कॉलेज की भूमि पर मेट्रो प्रशासन द्वारा कथित रूप से अनधिकृत कब्जा कर पार्किंग निर्माण किए जाने तथा कॉलेज की संपत्ति को क्षति पहुँचाने के विरोध में आज स्टाफ क्लब, आगरा कॉलेज, आगरा के नेतृत्व में कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज की भूमि एवं संपत्ति की सुरक्षा, खेल मैदान को विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने तथा कॉलेज के एक शिक्षक के साथ मेट्रो कर्मचारियों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रातः लगभग 11 बजे आगरा कॉलेज परिसर से शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर पैदल मार्च प्रारंभ किया। यह मार्च राजामंडी मेट्रो स्टेशन स्थित आगरा कॉलेज के खेल मैदान तक पहुँचा। जहाँ प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो प्रशासन द्वारा कॉलेज की भूमि पर अनधिकृत रूप से पार्किंग निर्माण किए जाने तथा कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुँचाए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि, खेल मैदान एवं संस्थागत संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो कॉरपोरेशन से यह भी मांग की कि वह उन सभी मांगों को बिना किसी शर्त स्वीकार करे। जिनके संबंध में पूर्व में मेट्रो प्रशासन द्वारा दस बिंदुओं पर लिखित आश्वासन दिया गया है। इस पूरे प्रकरण का एक अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक पहलू यह भी है कि मेट्रो निर्माण कार्य के पिछले लगभग तीन वर्षों से आगरा कॉलेज के छात्र-छात्राएँ अपने ऐतिहासिक खेल मैदान में खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों से वंचित हो रहे हैं। मेट्रो निर्माण कार्य के कारण विद्यार्थी नियमित रूप से अपनी खेल संबंधी गतिविधियों का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। इससे न केवल उनकी खेल प्रतिभा एवं शारीरिक विकास प्रभावित हो रहा है। बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अनिवार्य अंग है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करते हैं। ऐसे में लंबे समय तक खेल सुविधाओं से वंचित रहना विद्यार्थियों के भविष्य एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसी कारण शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं में मेट्रो प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शन के दौरान लगभग 12 बजे तक मेट्रो प्रशासन के सक्षम अधिकारियों के वार्ता के लिए आने की प्रतीक्षा की गई, लेकिन निर्धारित समय तक कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। इससे छात्रों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने एमजी रोड पर पहुँचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। छात्रों का आक्रोश इस बात को लेकर था कि कॉलेज की भूमि, संपत्ति एवं विद्यार्थियों के खेल अधिकारों से जुड़े इतने गंभीर विषय पर मेट्रो प्रशासन द्वारा समय रहते जिम्मेदार स्तर पर वार्ता नहीं की जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम तत्काल धरना स्थल पर पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा मेट्रो प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता की पहल की। इसी क्रम में मेट्रो परियोजना के परियोजना निदेशक श्री अरविंद कुमार राय भी मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम से वार्ता करते हुए कॉलेज की मांगों एवं आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करने तथा कॉलेज की मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत प्राचार्य कार्यालय में मेट्रो प्रशासन एवं कॉलेज प्रशासन के मध्य वार्ता की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सूचना लिखे जाने तक प्राचार्य कार्यालय में वार्ता जारी थी। प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को आश्वस्त किया कि कॉलेज की भूमि, खेल मैदान एवं संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर कॉलेज प्रशासन पूरी गंभीरता से अपना पक्ष रखेगा। उनके हस्तक्षेप एवं लगातार प्रयासों तथा परियोजना निदेशक श्री अरविंद कुमार राय से हुई वार्ता के बाद मेट्रो प्रशासन को कॉलेज की सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने एवं पूर्व में दिए गए दस बिंदुओं के लिखित आश्वासन का पालन सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अगले दिन तक के लिए धरना स्थगित करने का निर्णय लिया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह धरना समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि मेट्रो प्रशासन को अपनी सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने, पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासनों को लागू करने तथा बिना किसी शर्त मांगें स्वीकार करते हुए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक वार्ता एवं मांगों के अनुरूप ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो शिक्षक एवं छात्र संगठन आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करने के लिए बाध्य होंगे। आगरा कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि कॉलेज की एक इंच अतिरिक्त भूमि भी मेट्रो प्रशासन अथवा किसी अन्य एजेंसी को नहीं लेने दी जाएगी। कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि, खेल मैदान एवं संस्थागत संपत्ति की रक्षा के लिए शिक्षक, कर्मचारी तथा बीस हजार से अधिक विद्यार्थी हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह केवल भूमि और संपत्ति की सुरक्षा का प्रश्न नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के खेल के अधिकार, शिक्षकों के सम्मान, कॉलेज की स्वायत्तता एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का भी प्रश्न है। कॉलेज के हितों एवं अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। इस प्रदर्शन का नेतृत्व स्टाफ क्लब, आगरा कॉलेज, आगरा के सचिव डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर स्टाफ क्लब के पूर्व सचिव डॉ. विजय कुमार सिंह एवं डॉ. विक्रम सिंह सहित प्रो. गौरव कौशिक, डॉ. दिग्विजय पाल सिंह, प्रो. शशिकांत पांडे, प्रोफेसर भूपाल सिंह, प्रोफेसर ए के सिंह, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. डॉ. रावेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. केशव सिंह, डॉ. चेतन गौतम, प्रो. ए.के. सिंह, प्रो. रीता निगम, प्रो. स्मिता चतुर्वेदी, प्रो. संध्या यादव, प्रो. चंद्रवीर सिंह, डॉ. अचिंत वर्मा, डॉ. गौरव प्रकाश, प्रो. अनुराग पालीवाल, प्रो. पी के दीक्षित, प्रो. अमित चौधरी, डॉ. वरुण वशिष्ठ, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. अमित यादव, डॉ. विष्णु शर्मा, प्रो. सत्यदेव शर्मा, प्रो. शिवकुमार सिंह, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, प्रो. अमित अग्रवाल, प्रो. भूपाल सिंह एवं प्रो. के.के. सिंह सहित कॉलेज के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
आगरा कॉलेज कर्मचारी संघ की ओर से गौरव शर्मा, सुमित, आशीष एवं दिवाकर सहित अनेक कर्मचारियों ने प्रदर्शन में सहभागिता की। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करते हुए कॉलेज की भूमि एवं खेल मैदान की सुरक्षा के लिए अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। आगरा कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया कि कॉलेज की ऐतिहासिक विरासत, भूमि, खेल मैदान एवं संस्थागत संपत्ति की रक्षा के लिए पूरा कॉलेज परिवार प्रतिबद्ध है। कॉलेज के हितों, विद्यार्थियों के अधिकारों एवं शिक्षकों के सम्मान की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। मेट्रो प्रशासन से अपेक्षा है कि वह निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा के भीतर सकारात्मक वार्ता कर समस्या का स्थायी एवं सम्मानजनक समाधान सुनिश्चित करेगा।
















