*उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (UPSACS) के अंतर्गत एचआईवी/एड्स विषय पर स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के साथ एडवोकेसी (समन्वय एवं पैरवी) बैठक।*
आगरा, 27 नवंबर 2026: फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FPAI), आगरा शाखा द्वारा ‘फाइट बैंक फंड प्रोजेक्ट’ के सहयोग से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण एडवोकेसी बैठक का आयोजन किया गया। “एडवोकेसी मीटिंग विद गवर्नमेंट ऑफिसर ऑन एच.आई.वी. प्रिवेंशन मेथड प्रेप (PrEP)” विषय पर आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला क्षय रोग अधिकारी एवं जिला एड्स अधिकारी डॉ. सुकेश गुप्ता ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम में ‘प्रेप’ (PrEP) दवा एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी टी.आई. (TI) प्रोजेक्ट मैनेजर, दिशा क्लस्टर, आई.सी.टी.सी. (ICTC) काउंसलर एवं ए.आर.टी. (ART) सेंटर काउंसलरों को निर्देशित किया कि वे प्रेप दवा के व्यापक प्रचार-प्रसार में FPAI का पूर्ण सहयोग करें। इसी क्रम में एआरटी सेंटर के चिकित्सा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि परामर्श के दौरान पात्र लोगों को प्रेप दवा उपलब्ध कराने के लिए FPAI को रेफर किया जाएगा और आपसी समन्वय से कार्य किया जाएगा। FPAI के डॉ. संदीप ने सभी प्रतिभागियों को एचआईवी प्रिवेंशन मेथड ‘प्रेप’ (PrEP) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति डॉक्टर की सलाह और एचआईवी जांच कराने के बाद इस दवा का सेवन कर सकता है। उन्होंने कहा, “प्रेप केवल एक दवा नहीं है, बल्कि यह लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने, सुरक्षित विकल्प चुनने और एचआईवी से बचाव के लिए स्वयं को सशक्त बनाने का एक माध्यम है।”संस्था की अधिकारी श्रीमती निर्मला शर्मा ने FPAI की कार्यप्रणाली, संस्था द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और ‘फाइट बैंक फंड प्रोजेक्ट’ के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में एआरटी सेंटर के चिकित्सा अधिकारी, टीआई प्रोजेक्ट मैनेजर, दिशा क्लस्टर, जिला स्तरीय कोऑर्डिनेटर एनटीईपी (NTEP) आगरा, डिस्ट्रिक्ट लीड ‘डॉक्टर्स फॉर यू’, सभी आईसीटीसी केंद्रों के परामर्शदाता तथा स्वयंसेवी संस्थाओं—चेतना सेवा संस्थान, जन चेतना सेवा समिति, पंचशील, सीबीओ (CBO) एवं यूपीएनपी प्लस (UPNP+) का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में FPAI की ओर से कार्यक्रम अधिकारी वाटिका, कोऑर्डिनेटर सोनवीर कटारा, रमा शंकर तथा सुपरवाइजर दीन बंधु शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
















