अभिषेक शास्त्री की खास रिपोर्ट।
खागा में नो एंट्री के पहले ही दिन प्रशासनिक आदेश की उड़ी धज्जियां, शहर के बीचोंबीच दौड़े बालू लदे भारी ट्रक
शाम पांच बजे किशनपुर रोड से चौक चौराहे होते हुए नगर के अंदर पहुंचे ओवरलोड वाहन, प्रतिबंध के बावजूद नहीं दिखा रोकने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी; क्या खनन ठेकेदारों के दबाव में बेबस है प्रशासन?
खागा (फतेहपुर)। नगर को जाम और भारी वाहनों के बढ़ते दबाव से निजात दिलाने के लिए उपजिलाधिकारी खागा द्वारा जारी नो एंट्री के आदेश की पहले ही दिन खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं। प्रशासनिक आदेश लागू होने के बावजूद बालू लदे भारी-भरकम ट्रकों का नगर के अंदर से गुजरना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मंगलवार को शाम करीब पांच बजे किशनपुर रोड से चौक चौराहे होते हुए नगर के अंदर से भारी मात्रा में बालू लादकर ट्रक गुजरते दिखाई दिए। हैरानी की बात यह रही कि प्रशासन की ओर से जारी प्रतिबंध के बावजूद इन वाहनों को रोकने-टोकने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आया। भारी वाहनों की नगर के व्यस्त मार्गों से आवाजाही ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
गौरतलब है कि उपजिलाधिकारी खागा द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में पीस कमेटी की बैठक एवं व्यापार संघ, पत्रकार संघ सहित अन्य संभ्रांत नागरिकों के साथ हुई बैठकों में उठी समस्याओं के मद्देनजर नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए थे। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि किशनपुर, विजयीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के तहत ही संचालित किया जाएगा तथा खागा कस्बे के अंदर व्यावसायिक कार्य के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
प्रशासन का उद्देश्य नगर को जाममुक्त बनाना, बाजार में अव्यवस्थित यातायात पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना था। लेकिन पहले ही दिन आदेश की जमीनी हकीकत सामने आ गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन ने बाकायदा आदेश जारी कर दिया तो फिर बालू लदे भारी ट्रक नगर के अंदर कैसे पहुंच गए? क्या संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर आंखें मूंद ली गईं?
नगरवासियों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि क्या खनन कारोबार से जुड़े ठेकेदारों और वाहन संचालकों के दबाव के आगे प्रशासनिक आदेश बेअसर साबित हो रहे हैं? यदि ऐसा नहीं है तो फिर प्रतिबंध के पहले ही दिन नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और खागा प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर नो एंट्री का यह आदेश भी कागजों तक ही सीमित होकर रह जाएगा।
















