*शमशाबाद पॉलिटेक्निक बनेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, रोबोटिक्स- ईवी की मिलेगी ट्रेनिंग*
*- सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ मिलेंगी आधुनिक प्रयोगात्मक प्रशिक्षण*
*- एआर-वीआर, सीएनसी और इंटीग्रेटेड रोबोटिक सेल जैसी कई अत्याधुनिक लैब से लैस होगा परिसर*
*- युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और सीधे रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही योगी सरकार*
*आगरा, 13 नवंबर।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और सीधे रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी दिशा में जनपद के शमशाबाद कस्बे में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक को अब हाईटेक सुविधाओं से लैस कर ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए लगभग 7.50 करोड़ रुपये के बजट को अपनी स्वीकृति दे दी है। इस योजना के साकार होने के बाद सरकारी पॉलिटेक्निक के छात्रों को भी निजी संस्थानों जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां के छात्र इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी), रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और आधुनिक मशीनों पर काम करने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
*किताबी ज्ञान के साथ मिलेगी आधुनिक प्रैक्टिकल ट्रेनिंग*
आज के औद्योगिक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए संस्थान में स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे, जहां छात्रों को थ्योरी के साथ- साथ प्रयोगात्मक प्रशिक्षण पर अधिक जोर दिया जाएगा। सेंटर में डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी भविष्य की तकनीकों की बारीकियां सिखाई जाएंगी। यह प्रोजेक्ट टाटा और भारत सरकार के सहयोग से तैयार किया जा रहा है, ताकि उद्योग जगत की वर्तमान मांगों के अनुसार छात्रों का कौशल विकास हो सके।
*रोजगार और स्टार्टअप के खुलेंगे द्वार*
राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य कपिल सिंह ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रस्ताव को शासन से पूरी तरह मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इस सेंटर का निर्माण उत्तर प्रदेश डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शन की ओर से किया जा रहा है। यहां कई आधुनिक प्रयोगशालाएं और प्रशिक्षण से जुड़ी मशीनें स्थापित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को न केवल किताबी ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे सीधे मशीनों पर काम करके व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस उच्च स्तरीय तकनीकी ज्ञान के बाद छात्रों के पास भविष्य में अपना खुद का कारोबार अथवा स्टार्टअप शुरू करने के बेहतरीन विकल्प मौजूद होंगे।
*एआर-वीआर और रोबोटिक्स जैसी हाईटेक लैब से लैस होगा परिसर*
इस सेंटर में औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से अत्याधुनिक लैब तैयार की जा रही हैं। इनमें एफएमएस लैब, ऑटो एमआरओ सेक्शन, इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) सेक्शन, मिलिंग मशीन, सीएनसी लैब, हाइड्रोलिक प्रेस, पेंट बूथ और फैब्रिकेशन लैब प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा, इंटीग्रेटेड रोबोटिक सेल, लेजर कटर और एआर-वीआर (ऑगमेंटेड रियलिटी-वर्चुअल रियलिटी) सेटअप जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी। साथ ही क्वालिटी कंट्रोल, प्लंबिंग, पीडीडी, पीवीए और पीएलएम से जुड़ी लैब भी विकसित की जाएंगी। नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि संस्थानों को आधुनिक बनाने के लिए ये अहम प्रयास किए जा रहे हैं।
*जिले के तकनीकी शिक्षा ढांचे को मिलेगी नई दिशा*
आगरा में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान में तीन सरकारी और एक एडेड संस्थान संचालित हैं। इनमें राजकीय पॉलिटेक्निक शमशाबाद, राजकीय पॉलिटेक्निक मनकेंडा, गवर्नमेंट लेदर इंस्टीट्यूट (आगरा) और आरबीएस पॉलिटेक्निक बिचपुरी (एडेड) शामिल हैं। शमशाबाद में बनने वाला यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस न केवल इस संस्थान के छात्रों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि जिले के अन्य तकनीकी संस्थानों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनेगा। योगी सरकार की इस पहल से पूरे क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरने का सुनहरा मौका मिलेगा।















