*छठ पर्व पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे यमुना के घाट*
*- फसाड लाइटों के साथ अस्थायी फ्लड लाइटों से होगी आकर्षक सजावट*
*आगरा, 13 नवंबर।* सूर्योपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पर यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं को आकर्षक और रोशनी से जगमगाता माहौल मिलेगा। योगी सरकार के निर्देश पर छठ पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन की ओर से घाटों को रंग-बिरंगी झालरों और फसाड लाइटों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी रूप से फ्लड लाइटें भी लगवाई जा रही हैं। इससे सूर्यास्त और सूर्योदय के समय पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को रोशनी की पर्याप्त सुविधा मिल सकेगी।
नगर निगम के मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए यमुना घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभागीय कर्मचारियों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। घाटों के प्रमुख स्थानों पर रंग-बिरंगी झालरें और फसाड लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे घाटों का स्वरूप आकर्षक दिखाई दे। इसके अलावा जिन स्थानों पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां अस्थायी फ्लड लाइटें लगवाने का कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों, पूजा स्थलों और आसपास के हिस्सों में पर्याप्त रोशनी होना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
मुख्य अभियंता ने बताया कि व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के लिए विभागीय कर्मचारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। वह स्वयं भी रात के समय मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जहां भी प्रकाश व्यवस्था में कमी सामने आ रही है, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व से पहले सीताराम घाट,हाथी घाट, बल्केश्वर घाट, दशहरा घाट और दयालबाग क्षेत्र में राधा बल्लभ स्कूल के आदि सभी निर्धारित स्थलों पर लाइटिंग का काम पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान यमुना के घाट रोशनी से जगमगाते नजर आएं और श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।















