*आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का निर्माण तेज, तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए लगाए जाएंगे विशाल स्टील स्पैन*
*योगी सरकार के विजन के अनुरूप 15 किमी लंबे दूसरे कॉरिडोर पर सिविल निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार*
*रावली, सेंट जॉन्स, भगवान टॉकीज और यमुना नदी पर यू-गर्डर की जगह लगाए जाएंगे स्टील स्पैन*
*रावली क्रॉसिंग पर 60 मीटर लंबे स्पैन में लगेंगे 26 हजार बोल्ट, रेलवे लाइन के ऊपर रोल करके पहुंचाया जाएगा*
*आगरा, 12 नवंबर।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विजन के अनुरूप शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगरा मेट्रो का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मेट्रो के 15 किलोमीटर लंबे दूसरे कॉरिडोर (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) पर सिविल संरचना का काम तेजी से चल रहा है। इस कॉरिडोर के ‘प्रायोरिटी स्ट्रेच’ (आगरा कैंट से आगरा कॉलेज) पर सिविल संरचना और स्टेशन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि बाकी हिस्से में भी काम ने रफ्तार पकड़ ली है।
*तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए स्टील स्पैन का इस्तेमाल*
आमतौर पर मेट्रो के एलिवेटेड (उपरिगामी) सेक्शन के लिए यू-गर्डर का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन कुछ तकनीकी सीमाओं और चुनौतीपूर्ण स्थानों पर स्टील स्पैन लगाए जा रहे हैं। दूसरे कॉरिडोर में रावली क्रॉसिंग, सेंट जॉन्स क्रॉसिंग, भगवान टॉकीज और यमुना नदी पर यू-गर्डर की जगह मजबूत स्टील स्पैन का इस्तेमाल किया जाएगा। एमजी रोड पर रेलवे लाइन पार करने के लिए 60 मीटर लंबा स्टील स्पैन लगाया जाएगा। इससे कम जगह में अधिक दूरी कवर की जा सकेगी और मेट्रो कॉरिडोर को मजबूती मिलेगी।
*26 हजार बोल्ट से तैयार हो रहा रावली का स्टील स्पैन*
रावली क्रॉसिंग पर बन रहा 60 मीटर लंबा स्टील स्पैन फिलहाल असेंबली चरण में है और इसकी बोल्टिंग का कार्य चल रहा है। इस विशाल स्पैन में लगभग 26,000 बोल्ट लगाए जाएंगे। इसे पारंपरिक तकनीक से स्थापित करने के बजाय असेंबली लोकेशन से सीधे रेलवे लाइन के ऊपर रोल करके पहुंचाया जाएगा। वहीं, यमुना नदी के ऊपर 45-45 मीटर के दो स्टील स्पैन लगाए जाएंगे।
*तेजी से बिछ रहा आगरा मेट्रो का जाल*
योगी सरकार की कड़ी निगरानी में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) आगरा में कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कर रहा है। आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक (14 किमी) है, जिसमें 6 एलिवेटेड और 7 भूमिगत स्टेशन हैं। वहीं, दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक (15.4 किमी) लंबा है, जिसमें 13 एलिवेटेड स्टेशन हैं। इनमें से 6 स्टेशन एमजी रोड पर बनेंगे, जो भविष्य में शहरवासियों के सफर को आसान और आरामदायक बनाएंगे।














