WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

छठ पूजा की तैयारियों का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा, चोपन सोन नदी घाट का किया स्थलीय निरीक्षण

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन (सोनभद्र)। आगामी 15 नवंबर को चोपन बैरियर स्थित सोन नदी के पावन तट पर आयोजित होने वाले छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन स्थित छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सोन नदी तट पर पहुंचकर घाट की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को नगर पंचायत की ओर से छठ महापर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट की साफ-सफाई, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छठ पूजा के दौरान घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि चोपन का सोन नदी घाट छठ महापर्व के आयोजन के लिए क्षेत्र का एक प्रमुख एवं ऐतिहासिक आस्था का केंद्र माना जाता है। यहां चोपन नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, रेलवे कॉलोनी तथा दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना के लिए पहुंचते हैं। चार दिवसीय इस महापर्व में व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। पर्व के मुख्य अवसर पर श्रद्धालु पारंपरिक छठ गीतों के बीच डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके अगले दिन तड़के सुबह नदी तट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना करते हैं। इस दौरान पूरा चोपन नगर छठी मैया के भक्ति गीतों और धार्मिक उल्लास से सराबोर हो उठता है। छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन द्वारा घाट को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन भी लगातार तैयारियों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के निरीक्षण से स्पष्ट है कि इस बार भी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह,अधिवक्ता अमित सिंह,लवकुश भारती, नगर पंचायत के सभासद रामपरीखा विश्वकर्मा,दिव्यविकास सिंह,घनश्याम चौधरी,राजेश अग्रहरी,अरुण कुमार,अनिकेत रावत,अनीता बिन्द, विनीत जाटव,अनिल जायसवाल,नागेंद्र यादव,सुशील साहनी,सलीम कुरैशी,नरेश यादव इत्यादि लोग उपस्थित रहे।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment