रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- चौरा से कुड़ारी मार्ग के लिए 23 करोड़ रुपये जारी होने के दावे पर उठाए सवाल, अधिकारियों से मांगा जवाब।
चोपन (सोनभद्र)। विकासखंड चोपन की ग्राम पंचायत अगोरी ख़ास के बिजौरा में नाली जाम होने के कारण छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर समाजसेवी एवं समाजवादी युवजन सभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने दर्जनों ग्रामवासियों के साथ विरोध प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदीप यादव ने कहा कि बिजौरा में नाली जाम होने से सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ने से उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं, इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होने की बात भी सामने आ रही है, जिससे ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है।
उन्होंने चौरा से कुड़ारी मार्ग के निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए। प्रदीप यादव ने कहा कि जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग का टेंडर स्वीकृत हो चुका है और इसके लिए 23 करोड़ रुपये जारी होने की बात कही जा रही है। यदि धनराशि जारी हो चुकी है, तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार स्पष्ट करें कि निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है और धनराशि का उपयोग कहां किया गया है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की कि मार्ग और जल निकासी की स्थिति की जांच कराई जाए तथा नाली की तत्काल सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सड़क निर्माण से संबंधित स्वीकृति, जारी धनराशि और कार्य की प्रगति की स्थिति भी सार्वजनिक की जाए, ताकि ग्रामीणों को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने भी समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
प्रदर्शन में प्रदीप, रवि कुमार, जगदीश, नीरज, दिनेश कोल, बच्चा, इन्दल, आदि उपस्थित रहें।















