*जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1150 मतदान केन्द्र एवं 1636 मतदेय स्थल अनुमोदित*

*मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची को दी गई स्वीकृति*
*जिला निर्वाचन कार्यालय एवं वेबसाइट पर सूची उपलब्ध*
*मतदाताओं की सुविधा एवं निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से जारी की गई सूची**
एटा, 06 नवम्बर 2026 (सू0वि0)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जनपद एटा की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 के अंतर्गत अनुमोदित कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने बताया कि अनुमोदित सूची के अनुसार जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1150 मतदान केन्द्र एवं 1636 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के अनुसार 103-अलीगंज में 324 मतदान केन्द्र एवं 438 मतदेय स्थल, 104-एटा में 259 मतदान केन्द्र एवं 419 मतदेय स्थल, 105-मारहरा में 284 मतदान केन्द्र एवं 391 मतदेय स्थल तथा 106-जलेसर (अ0जा0) में 283 मतदान केन्द्र एवं 388 मतदेय स्थल अनुमोदित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अनुमोदित मतदान केन्द्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची जनसामान्य के अवलोकनार्थ जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध है। इसके साथ ही जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://etah.nic.in/deo-portal/ पर भी सूची अपलोड की गई है, जहां से आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अनुमोदित सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद के मतदाता अपने संबंधित मतदान केन्द्र एवं मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकें।















