*संचारी रोगों की रोकथाम के लिए घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती : जिलाधिकारी*
( डीएचएस की बैठक में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा )
एटा ! जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियन्त्रण एवं दस्तक अभियान तथा जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संक्रामक एवं मौसम जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाए। जिला पंचायत राज विभाग एवं नगरीय निकायों को नालियों की नियमित सफाई, रुके हुए पानी की निकासी तथा जलभराव वाले स्थानों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रतिदिन की गई कार्यवाही की वास्तविक रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में बुखार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर मेडिकल कैंप लगाया जाए। प्रभावित व्यक्तियों की जांच कर रक्त के नमूने लिए जाएं तथा आवश्यकतानुसार डेंगू एवं अन्य बुखार संबंधी जांच कराते हुए प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जाए।
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का प्रसव सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ही कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। बच्चों का नियमित टीकाकरण एवं उनके प्रतिरक्षण की समुचित व्यवस्था की जाए। आशाओं के मानदेय तथा जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के लिए बैंक खाता एवं आईएफएससी कोड संबंधी औपचारिकताएं तत्काल पूर्ण कराई जाएं। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम एवं मातृ मृत्यु समीक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के प्रति अधिकाधिक लोगों को जागरूक करने तथा संस्थागत प्रसव की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। जिन आशाओं द्वारा एक भी संस्थागत प्रसव नहीं कराया गया है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों की सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनका टीकाकरण सुनिश्चित कराया जा सके। इसके साथ ही 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं का रिस्पांस टाइम निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय से एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आभा आईडी बनाने की प्रगति में भी तेजी लाने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्र, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राम मोहन तिवारी , डॉ राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त एमओआईसी, जिला समन्वयक, आयुष्मान कार्ड के जिला समन्वयक, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















