*विद्या भारती द्वारा आयोजित क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में गिरिडीह का परचम : बहन प्रिया कुमारी अव्वल, राष्ट्र स्तरीय संस्कृति महोत्सव के लिए चयनित*
झारखंड गिरिडीह से अमित अग्रवाल की रिपोर्ट
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा की प्रतिभाशाली बहन प्रिया कुमारी ने विद्या भारती द्वारा दया प्रकाश सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,माड़नपुर, गया जी, बिहार में आयोजित क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में त्वरित भाषण प्रतियोगिता में पूरे क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।प्रिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा के साथ-साथ सम्पूर्ण झारखंड प्रांत गौरवान्वित हुआ है। इस जीत के साथ ही प्रिया का चयन राष्ट्र स्तरीय संस्कृति महोत्सव, कुरुक्षेत्र, हरियाणा के लिए हो गया है, जहाँ वह झारखंड प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी। आज विद्यालय के वंदना सभा में प्रधानाचार्य श्री आनंद कमल जी ने बहन प्रिया को प्रमाण पत्र, प्रतीक चिह्न एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिवार हर्षोल्लास से भर उठा।आचार्य अजित मिश्र जी ने कहा कि प्रिया बहन की वाणी में ओज है, विचारों में स्पष्टता है। उसने सिद्ध कर दिया कि शिशु मंदिर की बहनें किसी से कम नहीं। मुझे विश्वास है कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर भी वह अपने भाषण से सभी का दिल जीतेगी। प्रधानाचार्य श्री आनंद कमल जी ने कहा कि यह सफलता प्रिया के अथक परिश्रम, एकाग्रता और गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है। यह जीत बताती है कि जब संस्कार और शिक्षा साथ हों तो सफलता निश्चित है। प्रिया बहन राष्ट्र स्तर पर भी विजय पताका फहराए, यही हमारी कामना है। हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्या सुजाता सिन्हा, सरिता कुमारी, अनीता मिश्रा, मेनका दीदी, सरिता बर्णवाल,दुलारचंद आचार्य जी तथा मनीष आचार्य जी ने अन्य सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को सम्मानित किया। मौके पर कक्षा षष्ठ से दशम की बहनें उपस्थित थीं।















