*जिलाधिकारी ने गड्ढा मुक्ति अभियान में लापरवाही पर जताई नाराजगी*
*अभियान चलाकर सभी संबंधित कार्यदाई संस्थाओं को सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश, अनुपस्थित ईओ जलेसर/अवागढ़ से स्पष्टीकरण तलब*
*(अफसार हुसैन मानवाधिकार मीडिया)*
एटा, 26 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में आज कैंप कार्यालय पर गड्ढा मुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, मंडी, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा जल निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान चलाकर सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार से पूर्व सड़कों को गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां बिटुमिन की उपलब्धता में विलंब हो रहा है, वहां तत्काल गिट्टी से गड्ढे भरवाए जाएं, ताकि आवागमन में परेशानी न हो। सभी विभाग अपने अधीन सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढा भराई का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। नगरीय निकायों को तत्काल एस्टीमेट तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्य कराने के निर्देश दिए गए। जल निगम शहरी एवं ग्रामीण द्वारा पाइपलाइन आदि से संबंधित जो भी कार्य कराए जा रहे हैं उसके बाद हुई क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता पर सही कराया जाए इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं है,कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित स्थलों का अन्य विभागीय अधिकारियों से सत्यापन भी कराया जाएगा।
*शासन की प्राथमिकता वाला अभियान, लापरवाही पर होगी जवाबदेही*
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जलेसर/ अवागढ़ के अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गड्ढा मुक्ति अभियान शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करते हुए अभियान को शीघ्र पूर्ण कराएं। कार्य में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित अग्रवाल,आदर्श कुमार वर्मा, जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता मोहम्मद तारिक, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता तुषारकांत राजन, नगर पालिका एटा ईओ निहाल सिंह, संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।















