रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन/सोनभद्र। जिले के सभी बूथों पर शनिवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए जागरूक करना रहा। इसी क्रम में नगर पंचायत चोपन क्षेत्र के रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज, गुरुद्वारा इंटर कॉलेज एवं केंद्रीय विद्यालय सहित विभिन्न बूथों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन कराने से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।शनिवार को उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने नगर क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथों पर चल रही पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और पात्र मतदाताओं को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उपजिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा निर्धारित समयावधि में अभियान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए पात्र नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल चंदन शर्मा भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से चलाए गए इस विशेष अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने की दिशा में प्रयास किया गया।















