प्रयागराज से पंकज कुमार यादव की खास रिपोर्ट।
प्रयागराज के मोहम्मदाबाद में 11 वर्षों से जर्जर सड़क को लेकर सपा नेता अवधेश यादव की अगुवाई में अनशन, SDM के आश्वासन पर 2 अक्टूबर तक का समय।

प्रयागराज:
प्रयागराज जिले के उतराव थानांतर्गत मोहम्मदाबाद क्षेत्र में कटहरा मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। पिछले 11 वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी इस सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अवधेश यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन करते हुए आमरण अनशन और भूख हड़ताल शुरू कर दी।
11 सालों की बदहाली से परेशान ग्रामीण
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रामीण अभियंत्रण विकास विभाग के अधीन आने वाली मोहम्मदाबाद-कटहरा सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में जलजमाव और कीचड़ के कारण आए दिन राहगीर और स्कूली बच्चे दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गड्ढों में गिट्टी गिराने की तात्कालिक मांग
अनशन पर बैठे सपा नेता अवधेश यादव ने बताया कि ग्रामीण लंबी-चौड़ी घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम देखना चाहते हैं। उन्होंने मांग रखी कि प्रशासन तत्काल राहत के तौर पर सड़क के सबसे खतरनाक गड्ढों में दो ट्रक गिट्टी गिराकर भराव कार्य कराए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक गिट्टी डालकर काम शुरू नहीं होगा, अनशन खत्म नहीं किया जाएगा।
मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला।
भूख हड़ताल और भारी जनसैलाब की जानकारी मिलते ही उतराव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके कुछ ही देर बाद उपजिलाधिकारी (S D M) और तहसीलदार भी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और अनशनकारियों से वार्ता की तथा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 2 अक्टूबर 2026 तक समस्याओं का समाधान निकालने का आश्वासन दिया।















