*मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के अंतर्गत जनपद के 200 विद्यालयों में संचालित होंगी सुरक्षा संबंधी गतिविधियां*
एटा,23.09.2026। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 को जनपद एटा में प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट NIC, एटा में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के अंतर्गत जनपद के 200 विद्यालयों में कार्यक्रम संचालित किया जाना है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चयनित 200 विद्यालयों में कार्यक्रम की गतिविधियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से संचालित कराया जाए। विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा, भूकंप, आकाशीय बिजली, बाढ़/जलभराव एवं अन्य आपदाओं से बचाव, आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा सुरक्षित निकासी के संबंध में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने तथा प्रत्येक विद्यालय में सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) चंद्र प्रकाश पाठक, डी.सी. मनोज यादव, 43वीं वाहिनी पीएसी, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 इंद्रजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा जिला आपदा विशेषज्ञ एटा राणा प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
















