अस्पताल से चोर ले उड़े मजदूर जी जिंदगी की ‘रोल-रॉयस’, थानेदार ने नई चमचमाती साइकिल थमाकर लौटा दी जिंदगी की रफ्तार!
#मुरादाबाद के #काशीराम कॉलोनी में रहने वाले अर्जुन के लिए उनकी पुरानी साइकिल कोई मामूली दोपहिया नहीं, बल्कि पूरे परिवार की रोजी-रोटी का ‘इंजन’ थी। मगर जिला अस्पताल के बाहर घात लगाए बैठे किसी चोर महोदय ने अर्जुन के इस ‘पहिए’ पर हाथ साफ कर दिया और मजदूर भाई की जिंदगी वहीं जाम हो गई।
अर्जुन अपनी फरियाद लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे। अब सरकारी दफ्तरों का दस्तूर तो यह है कि ‘तहरीर लाओ, जांच होगी और वक्त आने पर साइकिल मिलेगी’। लेकिन यहां पिक्चर उल्टी पड़ गई!
सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरीशवर्धन ने लंबी-चौड़ी फाइलों और कानूनी पेचीदगियों में उलझने के बजाय सीधे जेब की तरफ हाथ बढ़ाया। थानेदार साहब ने खाकी की सख्त छवि को किनारे रखकर सीधे बाजार से एक नई-नवेली, चमचमाती साइकिल खरीदी और अर्जुन को तोहफे में थमा दी।
चोरी गई खटारा के बदले जब ब्रांड न्यू ‘सवारी’ हाथ में आई, तो मजदूर अर्जुन की आंखों में आंसू और चेहरे पर 24 कैरेट की मुस्कान तैर गई। अक्सर डंडे के लिए पहचानी जाने वाली #पुलिस ने जब ‘पैडल’ थमाया, तो जनता भी यही कह रही है—चोर ने तो काम बिगाड़ा था, मगर थानेदार साहब ने दिल ही जीत लिया!
#UPPolice












