कागारौल में रक्षा बंधन पर बाजारों में रही रौनक बहनों ने की जमकर खरीददारी, मुस्लिम बहिनों ने भाईयों की कलाई में बांधी रक्षा की राखी
कागारौल/आगरा । रक्षा बंधन पर्व शुक्रवार को कस्बा कागारौल के बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। राखी, मिठाई, चूड़ी, कंगन और उपहारों की दुकानों पर महिलाओं व युवतियों की भीड़-भाड़ उमड़ पड़ी। बहनों ने भाइयों के लिए रंग बिरंगी राखियां, मिठाइयां और उपहार खरीदकर पर्व मनाया। बाजार में इस बार सूती लाल, पीले धागों की पारंपरिक राखियों की सबसे अधिक मांग रही। दुकानदारों के अनुसार धार्मिक महत्व और आकर्षक डिजाइन के कारण इन राखियों की बिक्री अन्य राखियों की तुलना में अधिक रही। वहीं बच्चों के लिए खिलौने ,कार्टून और फैंसी राखियां भी खूब पसंद की गई। मिठाई की दुकानों पर बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़-भाड़ रही। कस्बे में करीब आधा दर्जन दुकानों पर सूखा, मलाईदार और कम मीठा घेवर बिक्री के लिए उपलब्ध रहा। वनस्पति और रिफाइंड तेल से तैयार सूखा घेवर 150 रुपये प्रति किलो तथा मलाईदार घेवर 250 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका। वहीं देशी घी से तैयार विशेष घेवर 550 से 600 रुपये प्रति किलो तक बिकता रहा। ग्राहकों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार जमकर खरीदारी की। इसके अलावा चूड़ी और कंगन की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ नजर आई। महिलाओं ने विभिन्न रंगों की चूड़ियां और कंगन खरीदकर पर्व की तैयारियों में उत्साह दिखाया।
कागारौल में मुस्लिम बहिनों ने भाईयों की कलाई में बांधी रक्षा की राखी
कागारौल। ग्राम पंचायत बेरी चाहर के मजरा गढ़मुक्खा स्थित चौक मौहल्ला में मुस्लिम समाज की दो सगी चचेरी बहिनें अल्फिजा और सोफिया ने अरमान और आमीन दोनों भाईयों को रक्षा बंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह के प्रतीक पर्व पर कलाई में रक्षा की राखी बांधकर लम्बी उम्र की कामना की।













