*जिला व्यापार बंधु की बैठक: रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर रात 11 बजे तक खुलेंगे बाजार, पार्किंग व अतिक्रमण पर डीएम के कड़े निर्देश*
*डीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला व्यापार बंधु की बैठक, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के आदेश*
*आगरा: त्योहारों पर देर रात तक खुलेंगे प्रतिष्ठान, 3 पार्किंग स्थलों की प्रक्रिया जल्द होगी पूरी*
आगरा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिन बिंदुओं पर कार्य पूर्ण हो चुका था, उन्हें एजेंडा से बाहर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में व्यापार मंडल द्वारा प्रमुख रूप से तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आगामी त्योहारों (रक्षाबंधन व जन्माष्टमी) पर बाजारों को रात 11 बजे तक खुला रखने, दरेसी नंबर 1 पर रेलवे गेट नंबर 2 को खुलवाने तथा सुभाष बाजार हादसे के 42 दिन बीत जाने के बाद भी छज्जे का निर्माण न होने व पीड़ित दुकानदारों को नगर निगम द्वारा वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने त्योहारों पर रात्रि 11 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति पर सहमति प्रदान की।
बैठक के प्रमुख निर्णय एवं निर्देश:
पार्किंग व्यवस्था: शहर की 10 प्रस्तावित पार्किंग में से 3 की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी, 1 पर जल्द सहमति बनेगी तथा शेष पर कार्य जारी है। संजय प्लेस पार्किंग को लेकर दुकानदारों को भी व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया।
अतिक्रमण पर सख्ती: नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए एसीपी को पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व सड़क सुरक्षा: पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क तक डिवाइडर निर्माण के संबंध में एसीपी ट्रैफिक से रिपोर्ट तलब की गई।
सफाई व नागरिक सुविधाएं: हींग की मंडी में जनहित को देखते हुए नगर निगम को स्वयं शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
अवैध होर्डिंग व विद्युत पोल: भावना एस्टेट पर लगे अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश एडीए (ADA) को दिए गए, वहीं बोदला-बिचपुरी से लोहामंडी मार्ग के बीच आ रहे डीवीवीएनएल (DVVNL) के खंभों को किनारे शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए गए।
नगला मकरोल: क्षेत्र की समस्या के समाधान की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी को सौंपी गई। बैठक में उपस्थिति बैठक में एडीएम सिटी यमुनाधर, एडीएम (वित्त/राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, डीसी एम.के. सिंह, एडीए से नरेंद्र कुमार, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार सिंह, टोरेंट पावर से विमर्श पंडित उपस्थित रहे। व्यापार मंडल की ओर से टी.एन. अग्रवाल, जय पुरसनानी, कन्हैया लाल राठौड़, राजीव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।













