मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत ई-लॉटरी से 28 लाभार्थियों का चयन, रिपोर्ट दयानन्द यादव

मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत ई-लॉटरी से 28 लाभार्थियों का चयन

 

नंद बाबा दुग्ध मिशन से ग्रामीण आजीविका को मिलेगा नया संबल, गोपालन को मिलेगा बढ़ावा

 

दो उच्च नस्ल की दुधारू गायों पर 40 प्रतिशत अनुदान दे रही है सरकार

 

एटा, 28 जुलाई। जनपद में पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने, स्वदेशी गौवंश के संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.पी. शर्मा ने बताया कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित इस योजना का उद्देश्य गोपालन को प्रोत्साहित कर ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना तथा प्रदेश में स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि योजना के लिए कुल 119 पात्र आवेदकों ने आवेदन किया था। इनमें से ई-लॉटरी के माध्यम से 14 पुरुष एवं 14 महिला, कुल 28 लाभार्थियों का चयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया। चयनित प्रत्येक लाभार्थी द्वारा दो उच्च गुणवत्ता वाली स्वदेशी नस्ल की दुधारू गायें प्रदेश के बाहर से खरीद कर लाई जाएंगी, जिनकी अधिकतम अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख होगी। इस पर राज्य सरकार द्वारा 40 प्रतिशत अनुदान लाभार्थी को प्रदान किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई गति देने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल है। यह योजना स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वदेशी गौवंश के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। चयनित लाभार्थियों को योजना से संबंधित आगामी कार्यवाही एवं आवश्यक औपचारिकताओं की भी विस्तृत जानकारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रदान की गई।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment