रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन/सोनभद्र/ जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत थाना चोपन पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने ट्रेन से हेरोइन की खेप लेकर पहुंचे बाराबंकी के एक कुख्यात तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
फिल्मी अंदाज में घेराबंदी, झाड़ियों में छिपने की कोशिश नाकाम
जानकारी के अनुसार, मु0अ0सं0 319/2026 (एनडीपीएस एक्ट व बीएनएस) में वांछित अभियुक्त मो0 अफजाल (निवासी टिकरा उस्मान, जैदपुर, बाराबंकी) के ट्रेन से हेरोइन लेकर सोनभद्र आने की पुख्ता सूचना मुखबिर से मिली थी।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस सक्रिय हुई। मोबाइल सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक करते हुए टीम ने डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास जाल बिछाया। पुलिस टीम को देखते ही अफजाल झाड़ियों में छिपकर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
बड़ा खुलासा: मणिपुर से कच्चा माल लाकर तैयार करता था हेरोइन
पूछताछ में 40 वर्षीय अभियुक्त मो0 अफजाल ने सनसनीखेज खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से हेरोइन तस्करी के धंधे में लिप्त है। वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर खुद हेरोइन तैयार करता था और मांग अधिक होने पर स्थानीय स्तर से भी माल जुटाकर सप्लाई करता था। वह सोनभद्र के स्थानीय नेटवर्क को खेप पहुंचाने आया था। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय सिंडिकेट और इससे जुड़े अन्य गुर्गों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
भारी आपराधिक इतिहास, 8 संगीन मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त मो0 अफजाल कोई मामूली सप्लायर नहीं बल्कि आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ बाराबंकी, अयोध्या और सोनभद्र के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 8 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
मुख्य बिंदु:
गिरफ्तार अभियुक्त: मो0 अफजाल (40 वर्ष), निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी।
बरामदगी: 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन, 01 ओप्पो टचस्क्रीन मोबाइल फोन (कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये)।
दर्ज मुकदमा: मु0अ0सं0 373/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट, थाना चोपन।
सफलता पाने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक गोपालजी गुप्ता, चौकी प्रभारी डाला उनि0 घनश्याम तिवारी, उनि0 आशीष पटेल, मुख्य आरक्षी पप्पू यादव, रजवान यादव, वीरेन्द्र सरोज, राजेश यादव, शिवशरण बिन्द व आरक्षी मन्टू सिंह व गोविन्द कुमार।
















