रिपोर्ट: एके बिन्दुसार (प्रधान संपादक)
- मीरजापुर के इंदीपर्वतपुर में जयगुरुदेव जनजागरण यात्रा का 68वां पड़ाव
- दीप प्रज्वलित कलशों व पुष्प-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
मीरजापुर (27 अक्टूबर 2026): जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपनी ‘शाकाहार-सदाचार एवं मद्यनिषेध जनजागरण यात्रा’ के साथ जनपद के 68वें पड़ाव ग्राम इंदीपर्वतपुर पहुंचे। यहाँ स्थानीय श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कलशों एवं पुष्प-मालाओं के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।

सत्संग सभा को संबोधित करते हुए महाराज जी ने कहा कि संसार में जन्म लेते समय मनुष्य न तो कोई जाति-बिरादरी लेकर आता है और न ही कोई मजहब। परमात्मा द्वारा दिए गए मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार से शरीर में चेतना आती है और कर्मों के अनुसार पहचान बनती है। उन्होंने कहा, “संसार की नश्वर वस्तुओं, पद-प्रतिष्ठा, जमीन-जायदाद और शान-ओ-शौकत में उलझकर मनुष्य अपने मूल उद्देश्य को भूल जाता है। अंत में सब कुछ यहीं छूट जाना है और शरीर श्मशान में भस्म हो जाता है।”
महाराज जी ने गृहस्थ जीवन में रहते हुए नित्य सुबह व शाम एक-एक घंटा ‘नाम योग’ (सुमिरन, ध्यान व भजन) करने का आह्वान किया ताकि आत्मा दुर्गति से बच सके। उन्होंने कहा कि ‘जयगुरुदेव’ प्रभु का सिद्ध नाम है, जिसे सच्चे मन से पुकारने पर संकट के समय रक्षा और संबल मिलता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नामदान देकर साधना की विधि भी समझाई गई।

जीव रक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म में जीव हिंसा की अनुमति नहीं है। जिस जीव को हम बना नहीं सकते, उसे मिटाने का भी हमें कोई अधिकार नहीं है। प्रकृति के नियमों के विपरीत आचरण विनाशकारी साबित हो सकता है, इसलिए सभी को शाकाहारी जीवन अपनाना चाहिए और मदिरा समेत सभी प्रकार के नशों का त्याग करना चाहिए।

प्रमुख उपस्थित जन:
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री व प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, जयेंद्र प्रताप सिंह, प्रिया सिंह तथा गोरखपुर संगत से जयराम, रामदवन, शंखधारी, उमेश, हीरामन, मुन्नीलाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में झुन्नन प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।
अगला पड़ाव:
सत्संग के उपरांत जनजागरण यात्रा अपने 69वें पड़ाव—ग्राम खजूरी (ब्लाक सिटी), प्राथमिक विद्यालय के सामने बगीचे के लिए प्रस्थान कर गई, जहाँ प्रातः 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित होगा।















