*योगी सरकार के विकास कार्यों से बदल रही बाह की तस्वीर, विधायक ने मुख्यमंत्री का जताया आभार*
*- उगनपुरा में 23 करोड़ से बनेगा स्टेडियम, कैबिनेट ने खेल विभाग को दी 2.476 हेक्टेयर निःशुल्क भूमि*
*- 240 करोड़ की लागत से सजेगा बटेश्वर कॉरिडोर, 13.55 करोड़ से हुआ सड़क का उच्चीकरण*
*- बटेश्वर कॉरिडोर और पूर्व पीएम अटल जी की स्मृति में बने सांस्कृतिक संकुल केंद्र से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान*
*आगरा, 19 नवंबर।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कुशल नेतृत्व में बाह विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास के कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करने और करोड़ों की विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने पर विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
*युवाओं को मिलेगा भव्य स्टेडियम का तोहफा*
क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए ग्राम उगनपुरा में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए योगी कैबिनेट ने गाटा संख्या-181 की 2.476 हेक्टेयर (40 बीघा) भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पारित कर निर्माण की सभी बाधाएं दूर कर दी हैं। विधायक ने इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव का भी विशेष धन्यवाद किया।
*बटेश्वर कॉरिडोर और सांस्कृतिक संकुल से बढ़ेगी शान*
धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देने के लिए बटेश्वर में लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इससे बटेश्वर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिलेगी। इसके अलावा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में सांस्कृतिक संकुल केंद्र की स्थापना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
*बेहतर सड़कों से सुगम हुआ आवागमन*
क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए लगभग 13 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से आगरा-बाह-कचौरा मार्ग से भाऊपुरा गंगावली मार्ग का उच्चीकरण और सौंदर्यीकरण कराया गया है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है।
*बाह क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता*
विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने कहा कि बाह विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा, बेहतर सड़कें और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। क्षेत्र के विकास हेतु लिए गए इन सराहनीय निर्णयों के लिए मैं बाह की जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का पुनः हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में बाह विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।














