*पेनकेक सिलाट प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज का परचम, पांच स्वर्ण पदकों के साथ पुरुष वर्ग में बना ओवरऑल चैंपियन*
आगरा। वैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय पेनकेक सिलाट प्रतियोगिता 2026-27 में आगरा कॉलेज, आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अर्जित किए। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ आगरा कॉलेज की टीम ने पुरुष वर्ग में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में पायल कुशवाहा ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में तरुण रावत, चिराग पचौरी, विपिन बघेल एवं प्रशांत रावत ने स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित रावत सहित विभाग के लोकेंद्र चौहान, डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. हेमराज, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. धर्मवीर एवं डॉ. मनीष शुक्ला उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से आगरा कॉलेज परिसर में हर्ष एवं उल्लास का माहौल है।














