रिपोर्ट: शकीर अख़्तर (सोनभद्र)
सोनभद्र/बभनी: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जनपद सहित बभनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी गुरूवार ओमप्रकाश गौतम (बीपीएम) के नेतृत्व में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी प्रमुख व तात्कालिक मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों पर सुनवाई न होने के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाया है। 5 से 7 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर काम करने के बाद, आज 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक स्वास्थ्य कर्मियों ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी नियमित विभागीय कार्यों का बहिष्कार करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया है।
प्रमुख मांगें:
नियमितिकरण: सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाए।
समान कार्य, समान वेतन: स्थायी कर्मचारियों की भांति कार्य के आधार पर वेतनमान दिया जाए।
6 प्रमुख तात्कालिक मांगें:
₹10 लाख का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा।
डी०ए० (DA), ई०पी०एफ० (EPF) एवं एच०आर०ए० (HRA) का लाभ।
गैर-जनपद स्थानांतरण की सुविधा।
सेवाकाल के दौरान आकस्मिक मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान।
आउटसोर्स कर्मियों का NHM में समायोजन।
नियमित भर्तियों में संविदा कर्मियों को 25% वेटेज।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि शासन स्तर से इन मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आगामी 12 अक्टूबर 2026 से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर डॉ अश्विनी कुमार (MBBS NCD), डाॅ हेमलता सिंह ( LMO), डाॅ अरविंद कुमार, डाॅ देवेन्द्र कुमार भारती, अनूप कुमार गुप्ता, वंशराज सिंह, सरिता, शिवेंद्र सिंह, बृजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














