बंदर ने छीना 40 हजार का पर्स, फिर शुरू कर दी ‘नोटों की बारिश’*
रेलवे स्टेशन पर एक-एक नोट समेटने के लिए यात्रियों और कर्मचारियों में मची दौड़, महिला को मिले 39 हजार रुपये
*करौली* । राजस्थान के करौली जिले के श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक बंदर एक महिला यात्री का करीब 40 हजार रुपये से भरा पर्स लेकर फुटओवर ब्रिज की टीन शेड पर जा बैठा। इसके बाद बंदर ने पर्स से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते स्टेशन पर नोटों की बारिश होने लगी और यात्री व रेलवे कर्मचारी एक-एक नोट समेटने के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार, कोटा से जनशताब्दी एक्सप्रेस से एक महिला यात्री श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उतरी थीं। महिला को अपने रिश्तेदार को पैसे देने थे, इसलिए उनके पर्स में करीब 40 हजार रुपये रखे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया और भागकर फुटओवर ब्रिज की ऊंची टीन शेड पर जा बैठा।
महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बंदर काफी ऊंचाई पर पहुंच चुका था। कुछ देर बाद बंदर ने पर्स खोल लिया और उसमें रखे 500, 200 और 100 रुपये के नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए।
करीब 15 मिनट तक बंदर एक-एक कर नोट नीचे फेंकता रहा। ऊपर से गिरते नोटों को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर दौड़कर बिखरे हुए नोटों को समेटने लगे।
रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ जवानों और यात्रियों ने मिलकर अधिकांश नोट एकत्र कर लिए। रकम की गिनती करने पर महिला को करीब 39 हजार रुपये वापस मिल गए, जबकि लगभग एक हजार रुपये का पता नहीं चल सका।
बताया गया कि बंदर संभवतः पर्स को खाने की वस्तु समझकर ले गया था। पर्स में खाने का सामान नहीं मिलने पर उसने उसमें रखे नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। वहीं, यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों द्वारा बिखरे नोटों को एकत्र कर महिला को वापस किए जाने की भी खूब चर्चा रही।














