WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार*

आगरा। थाना डौकी और फतेहाबाद क्षेत्र में लगातार सामने आ रही लूट और छिनैती की घटनाओं के बाद पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डौकी और फतेहाबाद थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, फतेहाबाद क्षेत्र में हुसैनापुर रोड पर वाहनों की चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाश पुलिस के निशाने पर आए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों बदमाशों को घेर लिया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी वीकेश निवासी इटावा के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दूसरे आरोपी की पहचान सोनू उर्फ लुका निवासी शमसाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के बाद मौके से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। बदमाशों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने डौकी और फतेहाबाद थाना क्षेत्रों के अलावा आसपास के इलाकों में लूट और छिनैती की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब आरोपियों से उनके पूरे गिरोह, पूर्व में की गई वारदातों और लूटे गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं और किन-किन घटनाओं में इनकी भूमिका रही है। बरामद आभूषण और नकदी को लेकर भी पुलिस संबंधित मुकदमों से उनका मिलान कर रही है। पिछले कई दिनों से डौकी और फतेहाबाद क्षेत्र में लूट और छिनैती की घटनाओं को लेकर पुलिस पर दबाव था। इसके बाद दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस सेल को बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया था। संदिग्धों की गतिविधियों और पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान तेज किया।
इसी अभियान के दौरान हुसैनापुर रोड पर पुलिस को सफलता मिली। मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद लूट व छिनैती की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment