WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

फतेहपुर सीकरी में जल्द शुरू होगा ‘साउंड एंड लाइट शो’रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*फतेहपुर सीकरी में जल्द शुरू होगा ‘साउंड एंड लाइट शो’*

 

*- मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना से 8.65 करोड़ में साकार हुआ प्रोजेक्ट*

 

*- लेजर लाइट और होलोग्राम तकनीक पर आधारित ‘साउंड एंड लाइट शो’*

 

*- यूपी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए कदम उठा रही योगी सरकार*

 

*आगरा, 21 अक्टूबर।* योगी सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और ऐतिहासिक धरोहरों को संवारने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसी कड़ी में ताजनगरी और यहां आने वाले दुनियाभर के पर्यटकों को इस दीपावली के शुभ अवसर पर एक बड़ा और शानदार तोहफा मिलने जा रहा है। विश्वदाय स्मारक फतेहपुर सीकरी में बहुप्रतीक्षित ‘साउंड एंड लाइट शो’ अब अपने अंतिम चरण में है और नवंबर महीने में इसके शुरू होने की पूरी संभावना है।

 

*8.65 करोड़ में साकार हुआ प्रोजेक्ट*

योगी सरकार की ‘मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना’ के अंतर्गत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) और पर्यटन विभाग की यह एक बेहद अहम संयुक्त पहल है। वित्तीय वर्ष 2023- 24 में एडीए ने फतेहपुर सीकरी में इस विश्व स्तरीय साउंड एंड लाइट शो की रूपरेखा तैयार की थी। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में इस शो को जोधाबाई पैलेस में आयोजित करने की योजना थी, लेकिन ऐतिहासिक और तकनीकी उपयुक्तता को ध्यान में रखते हुए बाद में इसे फतेहपुर सीकरी के ‘दीवान-ए-आम’ में शिफ्ट कर दिया गया। अब दीवान-ए-आम के विशाल ऐतिहासिक प्रांगण में दर्शक इतिहास को जीवंत होते हुए देख सकेंगे।

 

*थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग से सजेगा इतिहास*

यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा शो की स्क्रिप्ट पर कुछ आपत्तियों के कारण लंबे समय तक अटका रहा था। एएसआई ने निर्देश दिया था कि शो में जोधाबाई से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी को और विस्तार से शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में कोई विवाद खड़ा न हो। स्क्रिप्ट में सुधार और एएसआई की अंतिम मंजूरी के बाद, अब एडीए ने इसे पूरी भव्यता के साथ तैयार कराया है। आगरा और झांसी के किले की तर्ज पर ही यह शो अत्याधुनिक लेजर लाइट और होलोग्राम तकनीक पर आधारित होगा।

 

इन दिनों दीवान-ए-आम में थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का काम जोरों पर चल रहा है। इसके तहत लेजर और थ्री-डी स्कैनिंग टूल से लाल पत्थरों वाली इस इमारत का एक डिजिटल मॉडल तैयार किया जा रहा है। इससे दीवार के हर कोने, खिड़की, दरवाजे और उभार का सटीक माप लेकर पूरी इमारत को ही एक जीवंत सिनेमाई पर्दे में तब्दील कर दिया जाएगा।

 

*रात्रि पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान*

योगी सरकार की इस पहल से न केवल फतेहपुर सीकरी का ऐतिहासिक महत्व और निखरेगा, बल्कि आगरा में पर्यटन उद्योग को भी भारी आर्थिक लाभ होगा। अभी तक पर्यटक सीकरी घूमकर शाम तक वापस लौट जाते थे, लेकिन इस शो के शुरू होने से पर्यटकों का यहां रात्रि प्रवास बढ़ेगा, जिससे स्थानीय रोजगार, होटल और व्यापार में भी जबरदस्त वृद्धि होगी।

 

*10 दिन में पूरा होगा मैपिंग का काम*

आगरा विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि दीवान-ए-आम की प्रोजेक्शन मैपिंग का काम तेजी से चल रहा है और अगले 10 दिन के भीतर इसे पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद नवंबर में पर्यटकों के लिए यह शो शुरू हो सकता है। निश्चित ही सरकार का यह कदम इस दीपावली को आगरा के पर्यटन के लिए बेहद खास बनाने वाला है।

Leave a Comment