रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- फिट इंडिया मुहिम के तहत 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को अंबेडकर स्टेडियम ओबरा में होगा भव्य आयोजन
चोपन/सोनभद्र। धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान के चतुर्थ स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत सरकार की ‘फिट इंडिया’ मुहिम के तहत 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को अंबेडकर स्टेडियम, ओबरा में प्रादेशिक एथलीट खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही कला प्रतियोगिता एवं पद चालान मैराथन का भी आयोजन होगा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर एवं आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा तथा समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड़ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन 31 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे होगा।
धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि दोनों अतिथियों की उपस्थिति से खिलाड़ियों एवं युवाओं का उत्साहवर्धन होगा। उन्होंने बताया कि संस्थान के संस्थापक योग गुरु आचार्य अजय कुमार पाठक ने योग के क्षेत्र में विश्व कीर्तिमान स्थापित कर सोनभद्र एवं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। संस्थान द्वारा स्वास्थ्य, योग एवं राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों एवं युवाओं से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।














