परसोधा में संत पंकज जी महाराज ने दिया शाकाहार-सदाचार का संदेश।




चुनार/परसोधा (मीरजापुर)। शाकाहार, सदाचार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के अध्यक्ष पूज्य संत पंकज जी महाराज 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा के साथ अपने 60वें पड़ाव पर माधव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पुरुषोत्तमपुर (परसोधा)-सहसपुरा पहुंचे। यहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने जनजागरण काफिले का भव्य स्वागत किया।
सत्संग को संबोधित करते हुए संत पंकज जी महाराज ने मानव जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परमात्मा ने मनुष्य शरीर जीवात्मा के कल्याण और प्रभु भक्ति के लिए प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि यह शरीर स्थायी नहीं है। जीवन की अवधि पूरी होने के बाद मनुष्य को अपने कर्मों का हिसाब देना पड़ता है। इसलिए मनुष्य को सांसारिक मोह-माया में उलझने के बजाय प्रभु की भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संसार में तीन प्रकार के गुरु होते हैं—माता-पिता, भौतिक विद्या का ज्ञान देने वाले गुरु और सुरत-शब्द का भेद बताने वाले आध्यात्मिक गुरु। आध्यात्मिक गुरु के मार्गदर्शन से मनुष्य अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझ सकता है।
संत पंकज जी महाराज ने नशे से दूर रहने, शाकाहार अपनाने और अच्छे आचरण के साथ जीवन व्यतीत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्माओं के सत्संग से मनुष्य के भीतर का भ्रम दूर होता है और उसे जीवन के वास्तविक उद्देश्य की जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरत-शब्द की साधना की विधि समझाते हुए इसे जीवन में अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर धनंजय सिंह जिला प्रचारक आरएसएस, खंड संघ चालक रामशकल सिंह, जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, भगवानदास, पीके सिंह, भानू प्रताप सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुबास सिंह, मनोज सिंह, पंकज कुमार सिंह, शंकर सिंह, जयसिंह सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही। आयोजन में इंटर कॉलेज के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह, हरशूपति सिंह, दिलीप सिंह एवं संदीप कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा।
















