रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में एमएलसी (विधान परिषद) चुनाव की सरगर्मियां अब चरम पर पहुंच चुकी हैं। चुनाव प्रचार के सिलसिले में आज भाजपा और समाजवादी पार्टी के दिग्गज प्रत्याशियों ने ओबरा विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क किया और मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
जनसंपर्क के दौरान दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं के साथ विभिन्न स्थानीय व नीतिगत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की तथा अपने-अपने पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की। गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा, दोनों ही पूर्व में एमएलसी रह चुके हैं और इस क्षेत्र की नब्ज से भली-भांति वाकिफ हैं। ऐसे में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रबुद्ध मतदाता इन दोनों अनुभवी चेहरों में से किसे अपना अगला प्रतिनिधि चुनते हैं।
प्रचार अभियान के दौरान भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के साथ ओबरा के विधायक संजीव त्रिपाठी (संजू त्रिपाठी) प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता एकजुट होकर मतदाताओं से संवाद करते नजर आए।
वहीं दूसरी ओर, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के समर्थन में पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित तमाम प्रमुख पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मैदान में उतरे और क्षेत्र में घर-घर दस्तक देकर पार्टी की नीतियों के आधार पर समर्थन मांगा। दोनों दलों के जनसंपर्क से क्षेत्र का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
















