*निर्माण परियोजनाओं में तेजी और गुणवत्ता पर सीडीओ का कड़ा जोर*
*समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित करें परियोजनाएं : राजेंद्र प्रसाद मिश्र*
*निर्माण में लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई**
*(अफसार हुसैन मानवाधिकार मीडिया)*
एटा, 27 अगस्त 2026 (सू.वि.)। जनपद में संचालित निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस (CMIS) के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण कराए जाएं और गुणवत्ता के मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समयबद्ध पूर्ण होने में अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी परियोजना के संबंध में शासन स्तर पर कोई समस्या अथवा बाधा उत्पन्न हो रही है तो संबंधित विभाग के प्रमुख सचिव को तत्काल पत्र प्रेषित कर उसका समाधान कराया जाए, ताकि परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परियोजना में अधोमानक निर्माण, मानकों की अनदेखी अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था, ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, उत्तर प्रदेश जल निगम (अर्बन एवं रूरल), उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, यू.पी. सिडको, सी एंड डी एस, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस), उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड तथा ग्रामीण अभियंत्रण सेवा द्वारा संचालित निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें तथा साइट रजिस्टर को अद्यतन रखा जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को समय से पूर्ण कर जनहित में उपयोग के लिए उपलब्ध कराना सभी कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, एडीएसटीओ डॉ. उपेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार, विभिन्न कार्य दायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆













