*निर्माणाधीन परियोजनाओं में एनओसी की अड़चनें दूर कर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी* 
*वन एवं विद्युत विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा, उच्चाधिकारियों एवं शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र स्वीकृतियां प्राप्त करने के निर्देश*
एटा, 02 सितम्बर 2026 (सू0वि0)।
जनपद में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज अपने कैंप कार्यालय पर वन विभाग एवं विद्युत विभाग से संबंधित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) तथा उपयोगिता शिफ्टिंग से जुड़े प्रकरणों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में विशेष रूप से शिकोहाबाद रोड (निधौली खुर्द)-सकीट रोड (सरदलगढ़)-पुरा हरिपुर कलां होते हुए एनएच-34 तक बाईपास के नव निर्माण से संबंधित कार्य में आ रही वन एवं विद्युत विभाग की औपचारिकताओं तथा एनओसी की स्थिति पर चर्चा की गई। संबंधित पत्रों में उल्लेखित विद्युत यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा वृक्षों के पातन से संबंधित स्वीकृति के प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं को केवल विभागीय पत्राचार तक सीमित न रखें, बल्कि प्रभावी समन्वय के माध्यम से लंबित स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में उच्च स्तर अथवा शासन स्तर से अनुमति आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों एवं लखनऊ स्थित शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण परियोजना में अनावश्यक रूप से विलंब न हो।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद की विकास परियोजनाएं जन आकांक्षाओं एवं लोकहित से सीधे जुड़ी हैं। अतः सभी विभाग आपसी समन्वय और साझा प्रयासों के साथ कार्य करते हुए एनओसी, भूमि, विद्युत, वन एवं अन्य विभागीय औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं। परियोजनाओं में आने वाली प्रत्येक बाधा को चिन्हित कर उसके निराकरण के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण होकर जनता को उसका लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए प्रगति से अवगत कराया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी प्रभावी पैरवी की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बनाए रखने में विभागीय समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में ,प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग एटा विपिन वर्मा,अधीक्षण अभियंता विद्युत सुभाष चंद्र, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ललित अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆













