*लोगों ने मजाक उड़ाया, पत्नी भी रूठी…लेकिन आगरा के उदय ने नहीं तोड़ा अपना संकल्प, अब 4 साल बाद कटवाएंगे बाल-दाढ़ी पुरानी जिद अब जाकर पूरी होने वाली है*
आगरा। यूपी के आगरा में एक शख़्स की चार साल पुरानी जिद अब जाकर पूरी होने वाली है.
दरअसल, यहां सैंया क्षेत्र के मुखरई गांव के रहने वाले उदय सिंह पिप्पल ने घर से अपनी लाइसेंसी राइफल चोरी होने के बाद कसम खाई थी कि जब तक राइफल वापस नहीं मिलेगी, तब तक वह बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे. साल बीतते गए, बाल और दाढ़ी बढ़ते गए,लेकिन उदय सिंह अपनी बात पर टिके रहे।
इस दौरान उन्हें गांव के लोगों के ताने भी सुनने पड़े. परिवार में भी इस जिद को लेकर नाराजगी हुई.
उनकी पत्नी तो नाराज होकर मायके तक चली गई थीं। हालांकि कुछ समय बाद वह वापस घर आई। लेकिन उदय सिंह ने अपना फैसला नहीं बदला। अब चार साल बाद पुलिस ने राइफल चोरी के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी हुई राइफल भी बरामद हो गई है. इसके बाद उदय सिंह ने अब बाल और दाढ़ी कटवाने का फैसला किया है। उदय सिंह ने बताया कि 2022 की बात है जब चोरों ने उनके घर में धावा बोला था. इस दौरान चोरी के दौरान सिर्फ राइफल ही नहीं ले गए। बल्कि चार लाख रुपये नकद, 22 तोला सोने के जेवर चोरी हुए।
उदय सिंह के मुताबिक, उनकी लाइसेंसी राइफल परिवार के लिए बहुत खास थी. चोरी के बाद गांव में लोग उन्हें ताना देने लगे कि अपनी राइफल तक नहीं बचा पाए. ये बातें उन्हें लगातार परेशान करती रहीं. इसी के बाद उन्होंने तय किया कि अब जब तक राइफल वापस नहीं आएगी, वह बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे. उनका कहना है कि उन्हें ऐसा लगता था कि चोर सिर्फ राइफल नहीं ले गए, बल्कि उनकी प्रतिष्ठा पर भी चोट पहुंची है।इतना ही नहीं उनकी इस प्रतिज्ञा का असर घर पर भी पड़ा. उनकी पत्नी उनसे नाराज होकर मायके चली गई. हालांकि मानने पर कुछ समय बाद वह घर भी लौट आईं. लेकिन, पत्नी के लौटने के बाद भी उदय सिंह अपनी कसम को लेकर नहीं बदले. चार साल तक उनके बाल और दाढ़ी बढ़ते रहे. लोग उन्हें देखकर बातें बनाते रहे, लेकिन वह लगातार अपनी राइफल वापस मिलने का इंतजार करते रहे। चार साल में उदय सिंह के बाल और दाढ़ी काफी लंबे हो गए. वह बताते हैं कि उन्होंने इन्हें इसलिए नहीं कटवाया क्योंकि हर बार इन्हें देखकर उन्हें अपनी चोरी हुई राइफल याद आती थी। वह लगातार कोशिश करते रहे कि किसी तरह उनकी राइफल बरामद हो जाए. आखिरकार चार साल बाद पुलिस की कार्रवाई रंग लाई. राइफल चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हुई और पुलिस ने चोरी की लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली। खेरागढ़ पुलिस और एसओजी की टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ध्रुव सिंह राजस्थान के धौलपुर जिले में डाग बसई थाना क्षेत्र के गांव रजई का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस को चोरी की राइफल के बारे में जानकारी मिली। उसकी निशानदेही पर राइफल बरामद कर ली गई। आरोपी के पकड़े जाने और राइफल बरामद होने की जानकारी जैसे ही उदय सिंह को मिली, वह कलेक्ट्रेट पहुंच गए. चार साल बाद अपनी राइफल मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि वापस मिलने के बाद अब वह अपनी चार साल पुरानी कसम पूरी करने वाले हैं।













