*नशे के काले कारोबार पर अब होगा सीधा प्रहार: वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली के हर थाने में गूंजेगी जवाबदेही की आवाज!*
विशेष रिपोर्ट: पूर्वांचल के चार प्रमुख जनपदों में नशे के सौदागरों के गुप्त ठिकानों और रात 12 बजे तक पीछे की खिड़की से होने वाली अवैध शराब बिक्री को बेनकाब करने मैदान में उतरी भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी की स्पेशल टीम; प्रशासन ने नहीं की तालाबंदी तो सरकार को सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
वाराणसी / मिर्जापुर / सोनभद्र / चंदौली। पूर्वांचल की पावन धरती और युवा शक्ति के भविष्य को खोखला करने वाले नशे के सौदागरों के बुरे दिन अब शुरू हो गए हैं। जनपद वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली के शहरी गलियारों से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक फैल रहे नशीले पदार्थों के अवैध जाल को ध्वस्त करने के लिए भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी ने निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। संगठन की विशेष जांच टीम की गहन पड़ताल लगातार जारी है और अब इस अभियान को सीधे थाना स्तर तक ले जाने की ठोस रणनीति तैयार कर ली गई है।
थाना स्तर पर बेनकाब होंगे नशे के गुप्त अड्डे, रात 12 बजे तक पीछे की खिड़की से बिक रही अवैध शराब
भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी की ओर से गठित विशेष टीम अब केवल सतही जानकारी तक सीमित न रहकर प्रत्येक थाना क्षेत्र के उन संदिग्ध और गुप्त ठिकानों का खुलासा करने में जुट गई है, जहां से यह पूरा काला कारोबार संचालित हो रहा है। इसके साथ ही मीडिया टीम का यह भी गंभीर आरोप है कि इन जनपदों में कई शराब की दुकानों पर निर्धारित समय सीमा के बाद भी रात्रि 12:00 बजे तक अवैध रूप से शराब की बिक्री ‘पीछे की खिड़की’ से धड़ल्ले से की जा रही है। टीम द्वारा इस बात की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है कि आखिर किन मार्गों से यह नशीली खेप इन जनपदों में प्रवेश कर रही है और स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई चेन के मुख्य सूत्रधार कौन हैं।
युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा गांजा और प्रतिबंधित नशा
जमीनी स्तर से प्राप्त हो रही जानकारियां बेहद चिंताजनक हैं। इन चारों जिलों के कई इलाकों में गांजा सहित अन्य घातक और प्रतिबंधित नशीली वस्तुओं की बिक्री बेखौफ होकर की जा रही है। स्कूल-कॉलेजों के आसपास से लेकर गांवों की चौपालों तक नशे के इस जहर ने अपनी पैठ बना ली है। इस अवैध धंधे की चपेट में आकर जहां एक ओर देश का भविष्य कहे जाने वाले नौजवानों का जीवन अंधकारमय हो रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी, छिनैती और हिंसा जैसे अपराधों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है।
तालाबंदी नहीं हुई तो सीधे सरकार को सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी का स्पष्ट और दो-टूक कहना है कि समाज को दीमक की तरह चाट रहे इन नशे के कारोबारियों पर तत्काल और कठोर अंकुश लगाना न केवल समय की मांग है, बल्कि जनहित में अत्यंत अनिवार्य भी है। मीडिया टीम ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से आग्रह करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि थाने स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान पर पुलिस तत्काल ध्यान देने का कष्ट करें। यदि जल्द ही उन नशे के कारोबारियों के ठिकानों पर तालाबंदी नहीं की गई और अवैध गांजा व देर रात शराब की बिक्री को नहीं रोका गया, तो सभी साक्ष्यों और थानावार चिन्हित अड्डों के ब्योरे के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट सीधे सरकार को सौंपी जाएगी।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए संगठन की टीम द्वारा तैयार की जा रही यह प्रमाणिक रिपोर्ट जल्द ही शासन, उच्च प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखी जाएगी, ताकि दोषियों के विरुद्ध सघन छापेमारी व कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके और पूर्वांचल के इन चारों जनपदों को नशामुक्त बनाया जा सके।
रिपोर्ट—
संपादक एवं संस्थापक एके बिंदुसार
भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी,
संपादक – अद्वितीय भारत
(हिंदी दैनिक समाचार पत्र लखनऊ से प्रकाशित)















