तिकुनिया पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत बालिकाओं को किया जागरूक
यातायात नियमों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
तिकुनिया, लखीमपुर खीरी। खास रिपोर्ट पप्पू की
13 अक्टूबर 2026।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत मंगलवार को कोतवाली तिकुनिया पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
पुलिस अधीक्षक खीरी श्रीमती ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी निघासन के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित चौराहे पर महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पोस्टर, बैनर और पंपलेट के माध्यम से आमजन को भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।
इसके अलावा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन ठगी से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
खीरी पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए पुलिस निरंतर प्रयासरत है।














