*डीएम एम. अरुन्मोली के निर्देश पर सीएमओ डा .राजेंद्र प्रसाद ने की बड़ी कार्रवाई, सीएचसी अलीगंज की 7 आशा संगिनियां को किया बर्खास्त*
———————————–
( प्रति आशा संगिनी पर मानदेय भुगतान के लिए ₹2,000 की अवैध वसूली के बात भी मानदेय भुगतान न होने का आरोप )
एटा ! जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अलीगंज से संबद्ध सात आशा संगिनियों को पद से निष्कासित करने के आदेश जारी किए हैं। इन पर प्रति आशा संगिनी ₹2,000 की धनराशि लिए जाने और मानदेय का भुगतान नहीं किए जाने के आरोप लगे थे। शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। बताते चलें कि विगत 17 अक्टूबर 2026 को तहसील अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आशा कार्यकत्रियों ने सामूहिक रूप से उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे प्रति आशा ₹2,000 लिए गए, लेकिन मानदेय का भुगतान नहीं किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। इसके क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ राजेंद्र प्रसाद द्वारा शिकायत की जांच कराई गई। जांच में संबंधित आशा संगिनियों को धनराशि लिए जाने के मामले में दोषी पाया गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने उनके निष्कासन की संस्तुति की।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने सात आशा संगनियों के निष्कासन के आदेश जारी किए हैं !
इनमें श्रीमती शीला देवी, श्रीमती रंजीता, श्रीमती मधु देवी, श्रीमती रीना देवी, श्रीमती सुनीता देवी, श्रीमती विमलेश पाल और श्रीमती पुष्पा देवी शामिल हैं।
सभी सात आशा संगिनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से संबद्ध थीं। आदेशों की प्रतिलिपि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।















