डीएम अरविन्द सिंह ने चार्ज संभालने के बाद जिले के विकास को लेकर स्पष्ट किया अपना विजन, मीडिया से की सहयोग अपेक्षा
( अलीगंज क्षेत्र में तंबाकू उत्पादन तो जलेसर क्षेत्र में सिंघाड़ा एवं मत्स्य उत्पादन के साथ ही मखाने के उत्पादन पर हुई चर्चा )
————————————-
एटा ! आज बुधवार को नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने एन.आई.सी. सभागार में जिले के पत्रकार बंधुओ से रूबरू होकर जनपद के चहुंमुखी विकास के लिए जहां अपना विजन स्पष्ट किया , उसी के साथ ही उन्होंने सभी पत्रकार बंधुओ से सिलसिले बार परिचय प्राप्त कर जिले के विकास के लिए बेहतरीन सुझाव मांगे ! ज्ञातव्य हो कि अरविंद सिंह ने लखनऊ से चलकर गत मंगलवार की शाम जनपद कोषागार पहुँचकर एटा के 112 वें जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपनी विकास संबंधी कार्य शैली को असली जामा पहनाने की पहल प्रारंभ कर दी है !
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे असिस्टेंट मजिस्ट्रेट/असिस्टेंट कलेक्टर मेरठ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बुलंदशहर, मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज एवं लखीमपुर खीरी, उपाध्यक्ष कानपुर विकास प्राधिकरण, जिलाधिकारी बलरामपुर तथा अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश शासन के पदों पर महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। आईएएस मैं उनका दसवां रैंक रहा है।
पत्रकारों के सवाल जवाब के दौरान उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा जनपद में सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। जनपद के पत्रकारों द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया की तहसील अलीगंज क्षेत्र में तंबाकू के बृहद उत्पादन एवं जलेसर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभाओं के तालाबों में सिंघाड़ा उत्पादन व मत्स्य उत्पादन के साथ ही यदि मखाने के उत्पादन के संदर्भ में सरकार इस क्षेत्र को संरक्षित करने का प्रयास करें तो जनपद की बेरोजगारी की समस्या पर काफी हद तक लगाम कसी जा सकती है ! अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संरक्षित जलेसर क्षेत्र के अंतर्गत पटना पक्षी विहार के विकास को लेकर भी चर्चा की गई, इसी के साथ ही जलेसर क्षेत्र में घुंघरू घंटी उत्पादन को बढ़ावा देने पर विचार विमर्श किया गया तथा एटा मुख्यालय पर रोडवेज के सामने लगने वाले भीषण जाम एवं जिले में चल रहे अवैध खनन को लेकर पत्रकारों द्वारा चर्चा की गई जिस पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का जिलाधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया !
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्यप्रकाश,अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य, उपजिलाधिकारी सुश्री भावना विमल आदि उपस्थित रहे।








