अनुमति नहीं मिलने से भड़के भाजपा सांसद, झंडा मैदान से सरकार पर साधा निशाना
विनोद सिन्हा के आमंत्रण पर बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा भी पहुंचीं गिरिडीह
भाजपा सांसद, भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी सोमवार को सेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गिरिडीह पहुंचे। लेकिन यहां उनका प्रस्तावित रोड शो प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण रद्द हो गया। रोड शो रद्द होने से मनोज तिवारी निराश नजर आए। इसके बाद उन्होंने झंडा मैदान में पिकअप वैन पर खड़े होकर लोगों को संबोधित किया और झारखंड सरकार तथा प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाए।
इससे पहले मनोज तिवारी और बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा ने बरगंडा स्थित समाजसेवी सह भाजपा नेता विनोद सिन्हा के आवास पर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मनोज तिवारी ने मां के भजन भी प्रस्तुत किए। भाजपा नेता विनोद सिन्हा के आमंत्रण पर पहुंचीं अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा ने भी सेवा अभियान के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रोड शो रद्द होने पर सरकार और प्रशासन पर साधा निशाना
मनोज तिवारी ने कहा कि वह गिरिडीह की सड़कों पर निकलकर आम लोगों से मिलना चाहते थे और युवाओं को जागरूक करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने रोड शो की अनुमति रद्द कर दी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रोड शो की अनुमति क्यों नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि अगर इस फैसले में झारखंड सरकार की कोई भूमिका नहीं है, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। मनोज तिवारी ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के आयोजक विनोद सिन्हा इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
एसआईआर और पेपर लीक के मुद्दे पर भी बोले मनोज तिवारी
अपने संबोधन के दौरान मनोज तिवारी ने एसआईआर, दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने झारखंड में पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार को घेरा। साथ ही दावा किया कि गिरिडीह उपचुनाव से झारखंड में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत होगी।
सौंदर्या शर्मा ने युवाओं और छात्रों के मुद्दे उठाने की कही बात
वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा ने कहा कि सेवा अभियान के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने के साथ ही छात्रों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास किया जाएगा।
रोड शो रद्द होने के बावजूद झंडा मैदान में मनोज तिवारी ने भोजपुरी गीत प्रस्तुत कर मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान रोड शो की अनुमति रद्द होने का मुद्दा चर्चा में रहा।














