*आगरा में अवैध लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार*
आगरा। में भ्रूण के लिंग परीक्षण के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ PC-PNDT टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मलपुरा थाना क्षेत्र के इटौरा स्थित संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में छापेमारी के दौरान कथित तौर पर बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे अस्पताल से चीन निर्मित वायरलेस पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई। कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले में झोलाछाप समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।बताया जा रहा है कि PC-PNDT टीम को सूचना मिली थी कि इटौरा क्षेत्र स्थित संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में अवैध तरीके से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने सोनीपत की एक गर्भवती महिला को डिकॉय बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने पूरे मामले की निगरानी करने के बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की छापेमारी के दौरान टीम के हाथ एक वायरलेस पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लगी। बताया गया कि यह मशीन मोबाइल फोन और टैबलेट से वाई-फाई के जरिए कनेक्ट होकर संचालित की जा सकती थी। मशीन की बरामदगी के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई।पुलिस ने इस मामले में भानु प्रताप, ओम नारायण, मयंक शर्मा, जगवीर सिंह, मनीष कुशवाह और पवन कुशवाह को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद कथित अवैध लिंग परीक्षण नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बरामद पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन का इस्तेमाल कहां-कहां किया जाता था। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों और संस्थानों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। PC-PNDT टीम की इस कार्रवाई को भ्रूण के लिंग परीक्षण के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस मामले में बरामद उपकरण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
















