WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने दिए सतर्कता के निर्देश, रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने दिए सतर्कता के निर्देश*

Oplus_131072

 

*मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को लेकर पूछे सवाल*

 

*मतदान केंद्रों पर प्रतिबंधित द्रवों,पानी स्याही आदि पर रहेगी कड़ी नजर, 23 अक्टूबर को प्रातः 8 से सायं 4 बजे तक होगा मतदान*

 

एटा, 16 अक्टूबर 2026। विधान परिषद निर्वाचन 2026 के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली विशेष सतर्कता बरतते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन /प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी एवं पी-3 सहित संबंधित मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी को गंभीरता से समझने तथा पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी मतदान कार्मिक पूरी टीम भावना के साथ सतर्क एवं सक्रिय रहकर निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

उन्होंने मतपत्र एवं मतपेटिका के माध्यम से होने वाले मतदान की प्रक्रिया, निर्धारित प्रारूपों को सही ढंग से भरने तथा निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के रखरखाव के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सवाल-जवाब भी किए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर किसी भी दशा में प्रतिबंधित द्रव अथवा पदार्थ सहित ऐसी कोई सामग्री न पहुंचने पाए, जो निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हो। मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरती जाए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा। निर्वाचन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों की रिजर्व सहित तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त पीठासीन, प्रथम एवं द्वितीय मतदान अधिकारियों सहित अन्य आवश्यक मतदान कार्मिकों की भी नियुक्ति की गई है।

उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए 22 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 9 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन में 13 प्रत्याशी, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां जनेश्वर मिश्र सभागार से रवाना होंगी। मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित स्थल पर जमा कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह,मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अभिलाष बाबू सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मतदान कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment