*आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, आगरा में छाई खुशी की लहर*
*- उत्कृष्ट कार्यकत्रियां हुईं सम्मानित, बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को बंटे लैपटॉप*
*आगरा, 08 सितंबर।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की मेहनत और समर्पण को महत्व देते हुए उन्हें एक बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मानदेय में वृद्धि और कैशलेस इलाज की बड़ी घोषणा किए जाने से आगरा जिले की कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। अयोध्या में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जनपद के सूरसदन प्रेक्षागृह में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ जीएस धर्मेश, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया, जिलाधिकारी मनीष बंसल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
*सूरसदन में उत्कृष्ट कार्यकत्रियां हुईं सम्मानित*
जनपद के सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों- किरन, कुसुम शर्मा, ऋचा अग्रवाल, भावना सक्सेना और सुधा यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नवचयनित पांच कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। इसके अतिरिक्त, जनपद में कुपोषण (सैम श्रेणी) से सामान्य श्रेणी में सुधार लाने वाले पांच बच्चों के अभिभावकों को ‘पोषण पोटली’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
योगी सरकार के इस फैसले से वर्षों से सेवाएं दे रहीं महिलाओं का उत्साह बढ़ गया है। 15 वर्षों से सेवाएं दे रहीं बिचपुरी ब्लॉक के नगला बुद्धा की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ऋचा अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हमारी मेहनत और जिम्मेदारियों को समझा है। मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज से हमारा और हमारे परिवार का भविष्य सुरक्षित हुआ है, यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है।
वहीं बरौली अहीर ब्लॉक के सेमरी में बीते 31 वर्षों से कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुधा यादव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की इस घोषणा ने समाज में हमारा सम्मान बढ़ाया है। इतने लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद हमारी अहमियत को इतना बड़ा महत्व दिया जाना, हमारे उत्साह और सेवाभाव को दोगुना करने वाला कदम है।
*मेधावी छात्राओं और लाभार्थियों को मिले लैपटॉप व चेक*
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के तहत 8 निराश्रित बच्चों- डॉली बैजल, अर्थव उपाध्याय, सक्षम चौधरी, लक्ष्य अग्रवाल, धनंजय, पलक बंसल, सार्थक मिश्रा और नव्या मिश्रा को लैपटॉप वितरित किए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत अदिति वर्मा व स्नेहा और कन्या सुमंगला योजना के 2 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 10 मेधावी छात्राओं (मुस्कान, विग्देश, महिमा वर्मा, अंतरिका राजपूत, आराध्या वर्मा, सपना, राधिका, खुशी जैन, अंजली, याशिका) को सम्मान पत्र एवं डमी चेक देकर सम्मानित किया गया।
*मानदेय में भारी वृद्धि और 5 लाख का कैशलेस इलाज*
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये की घोषणा की है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया है।















