गिरिडीह झारखंड से अमित अग्रवाल की रिपोर्ट
35 से अधिक बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, 50 से अधिक महिलाओं ने पासिंग द पिलो गेम में लिया हिस्सा
गिरिडीह: अग्रवाल समाज गिरिडीह की ओर से होटल संगम गार्डन में अग्रसेन जयंती सह परिवार मिलन समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में 35 से अधिक बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान महिलाओं के लिए पासिंग द पिलो गेम का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, समाज के 11 सहयोगियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। समाज के विकास और सामाजिक गतिविधियों में अहम योगदान देने वाले सदस्यों के साथ कई बुजुर्गों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रज्ञा अग्रवाल ने किया। समारोह को सफल बनाने में सचिव प्रमोद अग्रवाल सहित अनिल अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, रवि शंकर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, बिपिन अग्रवाल, अजीत मोदी, रंजीत मोदी, नीरज अग्रवाल और विकास अग्रवाल समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, आपसी सौहार्द और पारिवारिक एकजुटता का माहौल बना रहा।














