रिपोर्ट: निशा कान्त शर्मा
आगरा। 1 यू.पी. गर्ल्स बटालियन, आगरा ग्रुप की तीन एनसीसी कैडेट्स ने नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप (All India Thal Sainik Camp)-2026 में प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित कैंप में कैडेट्स की उपलब्धियों पर 1 यू.पी. गर्ल्स बटालियन द्वारा उनके सम्मान में समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आगरा कॉलेज, आगरा की गर्ल्स विंग की कॉरपोरल मनीषा बाने ने Health & Hygiene तथा Service Subject प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा दो स्वर्ण पदक अर्जित किए। उनके इस प्रदर्शन से आगरा कॉलेज एवं 1 यू.पी. गर्ल्स बटालियन का गौरव बढ़ा है।
इसी प्रकार पुष्पांजलि कॉलेज ऑफ नर्सिंग की कॉरपोरल सृष्टि शर्मा ने Health & Hygiene प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए व्याख्यान प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अर्जित किया। गणेशराम नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की कैडेट दिव्या सिंह ने Shooting (फायरिंग) प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सराहनीय प्रदर्शन किया।
सम्मान समारोह में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कैंप में चयनित होकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना स्वयं में महत्वपूर्ण उपलब्धि है और कैडेट्स का प्रदर्शन अन्य एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणादायी है। कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने कैडेट्स की सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की भी सराहना की। उन्होंने एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रीना गोस्वामी, कैडेट्स की मार्गदर्शक कैप्टन रीता निगम, लेफ्टिनेंट शैली शर्मा एवं थर्ड ऑफिसर आशा चौहान, बटालियन के सूबेदार मेजर रोशन लाल, ट्रेनिंग ऑफिसर मानिक राव हक्के, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर्स (GCIs) एवं स्थायी इंस्ट्रक्टर्स (PI Staff) के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं सहयोग की प्रशंसा की। इस अवसर पर आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कॉरपोरल मनीषा बाने की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मनीषा का उत्कृष्ट प्रदर्शन आगरा कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मनीषा की उपलब्धि महाविद्यालय की अन्य छात्राओं को भी अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कैप्टन रीता निगम की भी विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि एक कुशल ANO के रूप में उन्होंने कैडेट मनीषा बाने को निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया। समारोह के दौरान उपस्थित एनसीसी कैडेट्स में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। कमांडिंग ऑफिसर एवं अन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को विभिन्न एनसीसी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।आगरा कॉलेज परिवार ने कॉरपोरल मनीषा बाने की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें तथा अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप-2026 में प्रतिभाग करने वाली सभी कैडेट्स को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।














