यूपी में मौसम का तांडव,फतेहपुर से भदोही तक आफत,अब तक 15 की मौत,गंगा एक्सप्रेसवे को भारी नुकसान, रिपोर्ट निशा कांत शर्मा

*यूपी में मौसम का तांडव,फतेहपुर से भदोही तक आफत,अब तक 15 की मौत,गंगा एक्सप्रेसवे को भारी नुकसान*

 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है।शाम होते-होते कई इलाकों में जोरदार आंधी आई।फतेहपुर में आंधी-तूफान लोगों पर कहर बनकर टूटा।यहां 5 अलग-अलग घटनाओं में 5 की मौत हो गई।मृतकों में एक लड़का,एक बुजुर्ग और तीन महिलाएं शामिल हैं।मां-बेटे समेत 5 लोग घायल हुए हैं,इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन महिलाएं और दो लड़के शामिल हैं।आम के पेड़ के नीच दबकर महिला की मौत हो गई।तेज हवा चलने से महिला की तीसरी मंजिल से गिरी,उसकी भी जान चली गई। एक अन्य हादसे में दीवार गिरने से एक लड़के की मौत हो गई।पड़ोसी की दीवार गिरने से छत पर बैठे बुजुर्ग की जान चली गई।

 

*फतेहपुर में दीवार गिरने से एक महिला की मौत,चार घायल*

 

फतेहपुर में सदर तहसील के बमरौली में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे समेत 4 महिलाएं घायल हुई हैं।भदोही में भीषण आंधी-तूफान की चपेट में आने से अलग-अलग स्थानों पर 11 लोगों की मौत हुई है।सभी जानें पेड़ और दीवारें गिरने से गई हैं।प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुट गया है।नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

*उन्नाव में थमे रेल के पहिए*

 

उन्नाव में आंधी और बारिश का असर रेल यातायात पर देखने को मिला है।ओएच‌ई लाइन पर पेड़ गिरने से रेल रूट कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। लखनऊ कानपुर रेल रूट और उन्नाव रायबरेली रेल रूट पर ये समस्या आई।लखनऊ-कानपुर रेल रूट पर पेड़ गिरने से शताब्दी समेत कई गाड़ियों के संचालन में देरी हुई।कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक को बहाल किया गया।

 

*प्रयागराज में आंधी तूफान से गंगा एक्सप्रेसवे को भारी नुकसान*

 

प्रयागराज में आंधी तूफान से गंगा एक्सप्रेसवे को भी नुकसान पहुंचा है।गंगा एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह विशाल साइन बोर्ड गिर गए।कई जगह पर सोलर प्लेट तेज हवा के झोंके में उड़ गईं।मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।ये एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से प्रयागराज के सोरांव के जुड़ापुर दांदू गांव तक बना है।एक्सप्रेसवे 12 जिले 518 गांवों को जोड़ता है।

 

*हरदोई में आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी की दर्दनाक मौत*

 

हरदोई जिले के कोतवाली कछौना क्षेत्र के आंट-सांट गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई।चचेरी बहन और चाची बाल-बाल बच ग‌ई।अपनी चाची और चचेरी बहन के साथ अंकिता मौर्य गांव के बाहर लगे गोबर के उपले उठाने गई थी,जहां उस पर आकाशीय बिजली गिर गई।परिजन अंकिता को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां लेकर गए,जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अंकिता 6 भाई-बहन थे।अंकिता गांव के ही जूनियर स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा थी।

 

*प्रयागराज में उखड़े पोल*

 

प्रयागराज में बुधवार शाम आई तेज धूल भरी आंधी से भारी नुकसान हुआ है।गंगानगर जोन के सोरांव इलाके में भारी नुकसान हुआ है।मोबाइल का टावर गिर गया,बिजली का पोल और पेड़ जमीन से उखड़ गए।आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है।प्रतापगढ़ में महेशगंज थाना क्षेत्र के सरायस्वामी गांव में तेज आंधी से दीवार गिर गई,जिसमें 56 वर्षीय शिव भूषण पांडेय उर्फ मुन्नू पांडेय की मौत हो गई।

शिव भूषण छत पर सूख रहे कपड़े को हटाने गए थे।

 

*नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज*

 

नोएडा समेत पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है।तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी कर दी थी।बारिश से ऑफिस से घर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हुई।

 

*24 घंटे में दें मुआवजा*

 

यूपी में अति वर्षा,आंधी और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि,पशुहानि और आर्थिक हानि का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है।सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने हानि का आंकलन कर 24 घंटे में मुआवजा देने का निर्देश दिया है। सीएम ने सभी डीएम को फील्ड पर निकल कर पीड़ितों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। सीएम ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment