*नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आगरा कॉलेज में प्रभावशाली भाषण प्रतियोगिता आयोजित*
आगरा। भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर अपने प्रभावशाली विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज के मुख्य नियंता (चीफ प्रॉक्टर) प्रो. वी.के. सिंह एवं डॉ. कल्पना चतुर्वेदी रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक और संस्कारित युवा हैं, जो अपने सकारात्मक आचरण से विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। भाषण प्रतियोगिता के दौरान डॉ आनंद प्रताप सिंह, डॉ सत्यदेव शर्मा, डॉ रवि शंकर सिंह, डॉ अविनाश जैन ,डॉ धर्मवीर यादव जी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ ललिता सिंह, डॉ एस.पी. सिंह एवं डॉ. अरविंद गुप्ता द्वारा निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता के साथ किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति शैली के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में उत्कर्ष सिसोदिया, काजल भारद्वाज, जय किशन रावत एवं मुद्रिका गुप्ता सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने ओजस्वी वक्तव्यों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके दुष्परिणामों तथा युवाओं की जिम्मेदारियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनके विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के बाद इस कार्यक्रम के समन्वयक डॉ रवि शंकर सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया
कार्यक्रम का समापन निर्णायक मंडल द्वारा विजेताओं की घोषणा एवं सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ। अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।









