लोकसभा में नियम 377 के अधीन सांसद राजकुमार चाहर ने उठाई आगरा–खेरागढ़–जगनेर–तांतपुर–बयाना रेल लाइन को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

 

 

*लोकसभा में नियम 377 के अधीन सांसद राजकुमार चाहर ने उठाई आगरा–खेरागढ़–जगनेर–तांतपुर–बयाना रेल लाइन को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग*

 

आगरा। लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने नियम 377 के अधीन आगरा–खेरागढ़–जगनेर–तांतपुर होते हुए बयाना तक प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय का ध्यान इस महत्वपूर्ण जनहित विषय की ओर आकर्षित करते हुए परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने तथा निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।

सांसद राजकुमार चाहर ने सदन में कहा कि आगरा–खेरागढ़–जगनेर–तांतपुर–बयाना नई रेल लाइन परियोजना का सर्वेक्षण वर्ष 2024 में पूर्ण हो चुका है, किंतु अभी तक इसे वित्तीय स्वीकृति प्राप्त नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि यह विषय पूर्व में भी लोकसभा में उठाया जा चुका है तथा रेल मंत्रालय से लगातार इस परियोजना को स्वीकृति देने का अनुरोध किया जाता रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेल लाइन उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ राजस्थान के धौलपुर, भरतपुर, बयाना, हिण्डौन, करौली एवं आसपास के क्षेत्रों की लाखों जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस रेल मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय रेल संपर्क सुदृढ़ होगा तथा लोगों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधाएं प्राप्त होंगी।

सांसद ने कहा कि नई रेल लाइन प्रारंभ होने से कृषि, व्यापार, पर्यटन, लघु एवं कुटीर उद्योगों को नई गति मिलेगी। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और आम नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

श्री चाहर ने सदन के माध्यम से माननीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनभावनाओं से जुड़ी इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए तथा आवश्यक बजटीय प्रावधान कर निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से आगरा एवं राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग पूरी होगी।

Leave a Comment